नशा विरोधी युद्ध : राम नगर बस्ती में नशा तस्करों द्वारा किए गए अवैध निर्माण ढहाए
इस वर्ष मार्च से अब तक जिले की पुलिस द्वारा नशे से संबंधित 307 मामले दर्ज कर 556 आरोपी किए गए गिरफ्तार
5 Dariya News
संगरूर 09-Jun-2025
पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में प्रदेश को नशामुक्त करने के लिए चलाई जा रही ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम के तहत नशा तस्करों के खिलाफ जंग स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। इसी के अंतर्गत जिला पुलिस प्रमुख श्री सरताज सिंह चाहल के नेतृत्व में पुलिस और सिविल प्रशासन ने राम नगर बस्ती, उभावाल रोड पर नशा तस्करों द्वारा किए गए अवैध निर्माणों को गिरा दिया है।
जिला पुलिस प्रमुख ने बताया कि आरोपी रानी कौर पत्नी बलजिंदर सिंह उर्फ भिंदा और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्जनों केस दर्ज हैं। इसी तरह मंदीप सिंह उर्फ सोनू पुत्र लाल सिंह और उसके परिवार के खिलाफ भी लगभग दर्जनभर केस एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हैं और उनके द्वारा बनाए गए अवैध मकान भी गिरा दिए गए हैं।
पुलिस प्रमुख ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा नशों के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है और नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। मार्च से अब तक जिले में नशे से जुड़े 307 केस दर्ज कर 556 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
इस दौरान पुलिस द्वारा 3 किलो 700 ग्राम अफीम, 6 किलो 490 ग्राम हेरोइन, 1 किलो 413 ग्राम सल्फा, 2 किलो 695 ग्राम गांजा, 899 किलो 925 ग्राम भुक्की, 400 ग्राम नारकोटिक पाउडर, करीब 32 हज़ार नशीली गोलियां, 79 शीशियां और लगभग 15 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है। पुलिस प्रमुख ने कहा कि जो युवा नशा छोड़कर अच्छी जिंदगी जीना चाहते हैं, वे आगे आएं, पंजाब सरकार हर संभव सहायता प्रदान कर रही है।
इसके लिए जिले में सरकारी नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। पुलिस प्रमुख ने नशा तस्करों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि वे यह अवैध कारोबार छोड़ दें, नहीं तो उनके खिलाफ भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नशा तस्करों ने प्रदेश की युवा पीढ़ी को गर्त में डाला है और पंजाब सरकार इसे बचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि 'युद्ध नशों के विरुद्ध' अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे के धंधे में शामिल तस्करों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
इस मौके पर एस.पी. (जांच) नवरीत सिंह विरक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी मौजूद थे।