5 Dariya News

कश्मीर में भारतीय चौकियों पर पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी

5 दरिया न्यूज

जम्मू 11-May-2014

पाकिस्तानी सैनिकों ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए जम्मू एवं कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) से लगी भारतीय चौकियों पर बगैर किसी उकसावे के गोलीबारी की। सेना के प्रवक्ता कर्नल मनीष मेहता ने रविवार को आईएएनएस को बताया, "पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास कृष्णा घाटी सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। नांगी टिकरी बटालियन इलाके में शनिवार रात 10.35 बजे गोलीबारी शुरू हुई। हमारी तरफ कोई हताहत नहीं हुआ है और किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा है।"पाकिस्तान ने 2003 में हुए भारत-पाकिस्तान संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन जिस दिन किया, उसी दिन भारतीय सेना ने पुंछ जिले में दो घुसपैठियों को मार गिराया था और उनके पास से भारी मात्रा में हथियार एवं गोला बारूद बरामद किए थे।

घुसपैठियों के पास से बरामद हथियारों में दो एके-47 राइफल्स, 240 चक्र गोला बारूद, आठ एके-47 मैगजीन, एक ग्रेनेड लॉन्चर, तीन ग्रेनेड, एक क्लेमोर माइन और दो विस्फोटक शामिल हैं।पिछले 10 दिनों में पाकिस्तानी सैनिकों ने तीन बार नियंत्रण रेखा के पास द्विपक्षीय संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है।वरिष्ठ सैन्य एवं खुफिया अधिकारियों का आरोप है कि पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू एवं कश्मीर में घुसपैठ की कोशिश कर रहे आतंकवादियों को आड़ देने के लिए नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी की।