5 Dariya News

अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने प्लास्टिक का उपयोग न करने और वैकल्पिक उपाय अपनाने पर दिया जोर

विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण को संरक्षित करने के लिए संयुक्त प्रयास करने का आह्वान

5 Dariya News

जालंधर 05-Jun-2025

अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) अमनिंदर कौर ने आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्थानीय हंस राज महिला महाविद्यालय के सहयोग से जिला प्रशासन द्वारा आयोजित समारोह के दौरान प्लास्टिक का उपयोग न करने और वैकल्पिक उपाय अपनाने पर जोर दिया। पंजाब राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, पंजाब जैव विविधता बोर्ड, वन विभाग और भारतीय राष्ट्रीय शिक्षा ट्रस्ट के सहयोग से कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को संबोधित करते हुए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने प्लास्टिक बैग की जगह कपड़े या जूट के बैग का उपयोग करने की आवश्यकता पर जोर दिया। 

उन्होंने कहा कि पर्यावरण को संरक्षित करने के लिए हम सभी को अपने दैनिक जीवन में प्लास्टिक के विकल्प अपनाने चाहिए। उन्होंने उपस्थित लोगों से आने वाली पीढ़ी के लिए पर्यावरण को संरक्षित करने और इसे प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए संयुक्त प्रयास करने का आह्वान किया।

जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए पौधों के साथ पौधारोपण का प्रतीकात्मक अभियान शुरू किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों सहित सभी को पर्यावरण को हरा-भरा बनाने की शपथ दिलाई गई तथा पर्यावरण को संरक्षित करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर वन विभाग से जरनैल सिंह बाठ, हरगुन, सचिव जिला रैंड क्रॉस सोसायटी डा. सुरजीत लाल तथा अशोक सहोता भी उपस्थित थे। 

इससे पहले प्रिन्सिपल डा. अजय सरीन ने अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर तथा अन्य अतिथियों का हार्दिक स्वागत किया। ईको क्लब इंचार्ज डा.अंजना भाटिया ने ‘बीट पॉल्यूशन प्रदूषण नु हराओ ’ विषय पर विस्तृत परिचय दिया तथा मंच का संचालन किया। इस अवसर पर डीन, स्टूडेंट काउंसिल डा.उर्वशी मिश्रा, एनएसएस इंचार्ज हरमनु, डीन, स्टूडेंट स्कॉलर्स डा. मीनू तलवार, अंजू तथा सिमरन ने पूर्ण सहयोग दिया।