नशा मुक्ति यात्रा को पटियाला ज़िले में मिल रहा है ज़बरदस्त समर्थन : डॉ. बलबीर सिंह
स्वास्थ्य मंत्री ने गांव सिधुवाल, बख्शीवाला, काठ मट्ठी, लचकानी, लंग और सिऊणा में की बैठकें, गांवों की डिफेंस कमेटियों से लिया नशा मुक्ति का संकल्प
5 Dariya News
पटियाला 29-May-2025
मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान द्वारा आरंभ की गई नशा मुक्ति यात्रा को पटियाला ज़िले में जबरदस्त जन समर्थन मिल रहा है। इसी अभियान के तहत पंजाब के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज पटियाला ज़िले के गांव सिधुवाल, बख्शीवाला, काठ मट्ठी, लचकानी, लंग और सिऊणा में गांवों की डिफेंस कमेटियों और ग्रामीणों के साथ बैठकें कर उन्हें नशे के खिलाफ जागरूक किया और नशा मुक्त पंजाब के निर्माण हेतु उनका सहयोग मांगा।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि नशे के उन्मूलन के लिए पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही यह यात्रा अब एक जन आंदोलन का रूप ले चुकी है, जिसमें लोग स्वेच्छा से जुड़कर बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वह दिन दूर नहीं जब पंजाब पूरी तरह से नशा मुक्त होगा।
डॉ. बलबीर सिंह ने गांवों की डिफेंस कमेटियों से आह्वान किया कि वे सरकार के प्रयासों में पूर्ण सहयोग दें और ग्रामीणों को नशा विरोधी इस मुहिम से जोड़ें। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशा पीड़ित व्यक्तियों को सरकारी डि-एडिक्शन सेंटर्स में ले जाएं, जहां पंजाब सरकार की ओर से उनका मुफ्त और उचित इलाज किया जाता है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पंजाब का युवा अब नशे की दलदल से बाहर आ रहा है और राज्य फिर से एक स्वस्थ पंजाब बनने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नशे के सौदागरों को अब किसी भी राजनीतिक संरक्षण की कोई सुविधा नहीं है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने पुलिस और अन्य संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नशे के कारोबार में शामिल व्यक्ति चाहे किसी भी परिवार से संबंध रखता हो, उसे किसी भी सूरत में बख्शा न जाए। डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि राज्य सरकार नशे के खिलाफ यह निर्णायक युद्ध जनता के सहयोग से अवश्य जीतेगी।
इस अवसर पर नशा मुक्ति मोर्चा पटियाला देहात के संयोजक यादविंदर गोल्डी, हरपाल सिंह विरक, जय शंकर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, डिफेंस कमेटियों के सदस्य, पंच-सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।