5 Dariya News

नशा मुक्ति यात्रा के चलते राज्य से जल्द खत्म होगा नशा : अजीतपाल सिंह कोहली

विधायक अजीतपाल सिंह कोहली की मौजूदगी में वार्ड 36, 53 और 33 के निवासियों ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प

5 Dariya News

पटियाला 29-May-2025

पटियाला के विधायक अजीतपाल सिंह कोहली ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा नशे के खिलाफ छेड़े गए युद्ध के तहत नशा तस्करों पर की गई ऐतिहासिक कार्रवाईयों ने नशे की सप्लाई लाइन को तोड़ दिया है और कई तस्करों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है। विधायक कोहली आज नशा मुक्ति यात्रा के तहत वार्ड नंबर 36, 53 और 33 के निवासियों को इस अभियान से जोड़ने पहुंचे। 

इस अवसर पर उनके साथ हरप्रीत सिंह, हरमन संधू और गीता देवी भी उपस्थित थीं। वार्डवासियों को नशे के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़ने की शपथ दिलाते हुए विधायक कोहली ने कहा कि नशा मुक्ति यात्रा अब एक जन आंदोलन का रूप ले चुकी है और शीघ्र ही पंजाब से नशे का पूर्ण रूप से सफाया होगा। 

उन्होंने कहा कि अब नशा तस्करों को किसी प्रकार का राजनीतिक या अन्य समर्थन नहीं मिल रहा और गांवों व वार्डों के जिम्मेदार लोग अब ऐसे तस्करों की जमानत तक नहीं करवाते, जिसके चलते कई नशा कारोबारी अपना धंधा छोड़कर राज्य से भागने को मजबूर हो गए हैं। अजीतपाल सिंह कोहली ने कहा कि पंजाब सरकार अब नशा करने वाले व्यक्तियों को समाज की मुख्यधारा में शामिल करने के लिए भी बड़े पैमाने पर प्रयास कर रही है। 

इसके तहत पीड़ितों का सही इलाज कर उन्हें किसी काम की ट्रेनिंग दी जा रही है ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज में सम्मानजनक जीवन जी सकें। विधायक ने खास तौर पर युवाओं से अपील की कि वे नशा मुक्त पंजाब  के निर्माण हेतु प्रशासन और पुलिस विभाग का सहयोग करें। 

उन्होंने कहा कि यदि उनके वार्ड में कोई नशा बेचने आता है तो उसकी जानकारी पुलिस या वार्ड डिफेंस कमेटी को दें और नशा करने वाले व्यक्ति को इलाज के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि इस लड़ाई को जीतने के लिए हर पंजाबी का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

इस मौके पर वार्ड 36 से पार्षद हरप्रीत सिंह, वार्ड 53 से हरमन संधू और वार्ड 33 से गीता देवी सहित बड़ी संख्या में मोहल्ला निवासी उपस्थित रहे।