रविंदर हंस ने अनुसूचित जातियों भूमि विकास एवं वित्त निगम के सदस्य निदेशक का पदभार संभाला
कहा, अनुसूचित जातियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता से सेवा करूंगा: हंस
5 Dariya News
चंडीगढ़ 28-May-2025
अनुसूचित जातियों भूमि विकास एवं वित्त निगम, पंजाब के नए सदस्य निदेशक रविंदर हंस ने आज अपना पदभार संभाल लिया। इस अवसर पर अमृतसर दक्षिणी से विधायक इंदरबीर सिंह निज्जर, पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के चेयरमैन गुरदीप सिंह लक्खना, पंजाब राज्य जल आपूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड के चेयरमैन सनी आहलूवालिया और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
इस मौके पर रविंदर हंस ने आम आदमी पार्टी के संयोजक श्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का तहे दिल से धन्यवाद करते हुए भरोसा दिलाया कि वह अनुसूचित जातियों के लोगों के कल्याण, उनकी आर्थिक और सामाजिक तरक्की के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जातियों भूमि विकास एवं वित्त निगम, पंजाब की स्थापना ही इसलिए की गई थी ताकि यह निगम अनुसूचित जातियों के व्यक्तियों को रोजगार, स्वरोजगार और वित्तीय सहायता देकर उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बना सके।
गौरतलब है कि इस निगम के माध्यम से छोटे और मध्यम दर्जे के उद्योगों, व्यावसायिक गतिविधियों के लिए कम ब्याज दरों पर ऋण, सब्सिडी और रोजगार योजनाएँ उपलब्ध करवाई जाती हैं। सरकार का यह प्रयास है कि अनुसूचित जातियों के युवाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में बराबरी के अवसर दिए जाएँ। रविंदर हंस ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के "रंगला पंजाब" के सपने को हकीकत बनाने के लिए अपने पूरे प्रयास और जोश के साथ काम करने का ऐलान भी किया।