सुरेन्द्र कुमार चौधरी ने स्किम्स श्रीनगर में 250 बिस्तरों वाले आईपीडी, लैब ब्लॉक के निर्माण की प्रगति का निरीक्षण किया
कार्यकारी एजेंसी को गुणवत्ता मानकों को बनाए रखते हुए लंबित कार्यों को 3 महीने में पूरा करने का निर्देश दिया
5 Dariya News
श्रीनगर 28-May-2025
लोगों को बेहतर स्वास्थ्य बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से उपमुख्यमंत्री सुरेन्द्र कुमार चौधरी ने स्किम्स मेडिकल कॉलेज और अस्पताल बेमिना श्रीनगर में चल रहे विकास और निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। कार्यों में 250 बिस्तरों वाले आईपीडी ब्लॉक का निर्माण और कॉलेज/लैब ब्लॉक का निर्माण शामिल है, जिसका निर्माण क्रमशः 83.94 करोड़ रुपये और 88.23 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से किया जाएगा।
इस दौरे का उद्देश्य आसपास के जिलों में रहने वाले लोगों के लाभ के लिए अस्पताल के बुनियादी ढांचे को उन्नत करने के लिए किए जा रहे निर्माण गतिविधियों की गति और गुणवत्ता का आकलन करना था। बताया गया कि आईपीडी ब्लॉक में 7 मंजिलें होंगी, जिसमें ऑर्थोपेडिक, मेडिसिन, साइकियाट्री, लेबर, प्रसूति, जनरल सर्जरी के वार्ड के साथ-साथ प्रशासनिक ब्लॉक, मेडिकल रिकॉर्ड सेक्शन, बोर्ड रूम, लेक्चर थिएटर आदि सुविधाएं होंगी।
आईपीडी ब्लॉक के निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कार्यदायी संस्था को कार्य की गति में तेजी लाने तथा सभी लंबित कार्यों को बिना किसी देरी के पूरा करने के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे तीन महीने के भीतर सभी लंबित कार्यों को पूरा करें अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वे समय-सीमा का सख्ती से पालन करें और परियोजनाओं को समय पर पूरा करने में आने वाली किसी भी बाधा को दूर करें। सुरिंदर चैधरी ने कहा, “गुणवत्ता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि ये परियोजनाएं क्षेत्र के समग्र विकास, लोगों की भलाई और मरीजों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण हैं।“
उपमुख्यमंत्री ने पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए चल रहे कार्यों की नियमित निगरानी और मूल्यांकन का भी आह्वान किया। निष्पादन एजेंसियों के बीच उचित समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया और अनावश्यक देरी से बचने के लिए कड़ी निगरानी का आह्वान किया।
जम्मू-कश्मीर में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए उपमुख्यमंत्री ने सभी हितधारकों से इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए लगन से काम करने का आग्रह किया। इस अवसर पर स्किमस के निदेशक प्रोफेसर मोहम्मद अशरफ गनई, एमसीएच बेमिना के पिंरसिपल डॉ. फजल कादिर पर्रे, मुख्य अभियंता आर एंड बी सज्जाद नकीब, सीई एमईडी कश्मीर बोध राज के अलावा वरिष्ठ डॉक्टर और स्टाफ सदस्य भी उपस्थित थे।