5 Dariya News

उमर अब्दुल्ला ने बैसरन के पीड़ितों के लिए एक स्मारक की घोषणा की

देश भर के टूर ऑपरेटरों के साथ संवाद सत्र की अध्यक्षता की

5 Dariya News

पहलगाम 27-May-2025

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पहलगाम के निकट बैसरन में पिछले महीने हुए दुखद आतंकी हमले के 26 पीड़ितों की याद में एक स्मारक स्थापित करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा, “हम पहले दिन से ही इस पर चर्चा कर रहे हैं कि बैसरन में 26 निर्दोष लोगों की जान जाने के लिए एक स्मारक बनाया जाएगा, जो एक स्थायी श्रद्धांजलि होगी और यह याद दिलाएगी कि उन्हें कभी नहीं भुलाया जाएगा।“

देश भर से आए ट्रैवल और टूर ऑपरेटरों की एक सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को पुनर्जीवित करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने घोषणा की, “पहलगाम में आज हुई मंत्रिपरिशद की बैठक में लोक निर्माण विभाग को इस स्मारक के लिए सैद्धांतिक मंजूरी देने के लिए अधिकृत किया गया।“

उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए सुझाव मांगे जाएंगे कि स्मारक न केवल भव्य हो बल्कि गरिमापूर्ण और सम्मानजनक भी हो। मुख्यमंत्री ने आने वाले टूर ऑपरेटरों का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा, “मैं आप सभी को पहलगाम आने और पर्यटन के पुनरुद्धार में सहयोग देने के लिए धन्यवाद देता हूँ। 

मैं आपमें से कई लोगों को उन लोगों के रूप में पहचानता हूँ जिन्होंने सबसे चुनौतीपूर्ण समय के दौरान घाटी में पर्यटन को फिर से जीवंत किया जब स्थानीय लोग भी बाहर निकलने से डरते थे।“ सुरक्षा चुनौतियों को स्वीकार करते हुए, उमर अब्दुल्ला ने सख्त उपायों की आवश्यकता पर जोर दिया। 

उन्होंने कहा “हालांकि हम सुरक्षा तंत्र को पूरी तरह से नियंत्रित नहीं करते हैं, लेकिन मेरा मानना है कि जो हुआ वह कभी नहीं होना चाहिए था। और हमें यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए कि ऐसा फिर कभी न हो।” बैसरन की घटना के बाद पर्यटन स्थलों को फिर से खोलने पर, उन्होंने पर्यटकों के साथ संवाद में पारदर्शिता और खुलेपन का आग्रह किया। 

उन्होंने कहा “आइए इस बात पर ध्यान न दें कि क्या बंद है, बल्कि इस बात पर ध्यान दें कि क्या खुला है। सभी गंतव्य एक साथ नहीं खुलेंगे, लेकिन कुछ धीरे-धीरे सुलभ हो जाएंगे।“ मुख्यमंत्री ने टूर ऑपरेटरों को आश्वासन दिया कि इस पूरी प्रक्रिया में उनसे सलाह ली जाएगी।

प्रशासन के साथ मिलकर, हम यह सुनिश्चित करेंगे कि गंतव्य समय पर जिम्मेदारी से फिर से खोले जाएं। अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित करने के बारे में सीएम ने कहा, “हमारे अनुभव में, घरेलू पर्यटन के ठीक होने के बाद अंतर्राष्ट्रीय मेहमान आते हैं। सामान्य स्थिति का पहला संकेत तब होता है जब स्कूली बच्चे और घरेलू पर्यटक पिकनिक स्पॉट पर फिर से आना शुरू करते हैं। 

एक बार जब यह लहर दिखाई देती है, तो अंतर्राष्ट्रीय बुकिंग शुरू हो जाती है। जबकि हमें वैश्विक स्तर पर प्रचार करना जारी रखना चाहिए, मेरा मानना है कि घरेलू पर्यटन पर ज़ोर देने से सही गति मिलेगी।“ पुनरुद्धार प्रक्रिया में अपने विश्वास की पुष्टि करते हुए उन्होंने कहा, “हम एक लंबा सफ़र तय कर चुके हैं। 

जो हुआ, सो हुआ। लेकिन आपके साहस और प्रतिबद्धता के साथ, मुझे यकीन है कि हम इस पर काबू पा लेंगे।“ उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ कमियाँ हैं और आश्वासन दिया कि आगे बढ़ने पर इन्हें दूर किया जाएगा। “हम कमियों से अवगत हैं। और हम उन पर कार्रवाई करेंगे।“

मुख्यमंत्री के साथ बातचीत करने वाले टूर ऑपरेटरों में राजा रानी ट्रैवल्स, पूजा ट्रैवल्स, हीना ट्रैवल्स, वीना वल्र्ड, ऑफ बीट डेस्टिनेशन्स, केके टूर्स, जय माता दी ट्रैवल्स, अरिहंत ट्रैवल्स, मधुचंदा ट्रैवल्स, टीएएफआई, कास ट्रैवल्स, एडीटीओआई, बेकन टूर्स प्राइवेट लिमिटेड, ट्रांस ग्लोबल ट्रैवल्स, एसएचआर हर्षिल ट्रैवल्स, गोल्डन टूर्स, अजय मोदी ट्रैवल्स (गुजरात), ट्रैवल मंक (जैन ट्रैवल एसोसिएशन), थॉमस कुक, इमली, क्राफ्ट वेकेशन्स और ट्रैवल लाउंज जैसे ट्रैवल और ऑपरेटर और निकायों का एक क्रॉस-सेक्शन शामिल था।

स्थानीय टूर ऑपरेटरों, होटल व्यवसायियों, यात्रा और पर्यटन हितधारकों के साथ-साथ राष्ट्रीय पिं्रट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री के साथ बातचीत की। सत्र के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला, मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी, पहलगाम और बिजबिहड़ा के विधायक, पर्यटन निदेशक, जेकेटीडीसी के एमडी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी षामिल हुए।

इससे पहले दिन में मुख्यमंत्री ने पहलगाम में कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने इसे एक नियमित ’मंत्रिपरिषद’ सत्र से कहीं अधिक बताया और इसे आतंकवाद के खिलाफ एक कड़ा संदेश बताया। मुख्यमंत्री ने पहलगाम के विधायक के नेतृत्व में स्थानीय प्रतिनिधिमंडलों से भी मुलाकात की। 

उन्होंने कहा, “स्थानीय मुद्दों और आकांक्षाओं के बारे में बहुमूल्य जानकारी साझा की गई। हाल ही में हुई त्रासदी के दौरान स्थानीय लोगों द्वारा पर्यटकों और प्रशासन दोनों को दिया गया समर्थन अनुकरणीय था।“ उन्होंने अमरनाथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए नुनवान बेस कैंप का भी दौरा किया, जमीनी स्तर पर अधिकारियों से बातचीत की और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और आराम सुनिश्चित करने के लिए समन्वय के महत्व पर जोर दिया।

बेताब घाटी के दौरे के बाद मुख्यमंत्री ने स्थानीय होटल से नुनवान बेस कैंप तक और वापस साइकिल यात्रा की, जिसका उद्देश्य पर्यटन विभाग द्वारा सतत पर्यटन और पारिस्थितिकी पर्यटन की दिशा में की गई नई पहलों को बढ़ावा देना था, जिसका संदेश मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी जोरदार ढंग से दिया।