युद्ध नशे के विरुद्ध : नशे के खिलाफ होशियारपुर में जागरूकता अभियान तेज
5 Dariya News
होशियारपुर 26-May-2025
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा नशे के खात्मे के लिए चलाए जा रहे राज्यव्यापी अभियान के तहत सोमवार को होशियारपुर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में नशा मुक्ति यात्राओं का आयोजन किया गया। इन यात्राओं में स्थानीय विधायकों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शामचौरासी विधानसभा क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह के नेतृत्व में बागपुर, सतौर व घासीपुर में नशा विरोधी जागरूकता रैली निकाली गई। चब्बेवाल में सांसद डा. राज कुमार चब्बेवाल व विधायक डा. इशांक कुमार के नेतृत्व में ठक्करवाल, रहल्ली व धियाना में लोगों को नशे के खिलाफ जागरुक किया गया।
गढ़शंकर में डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी के नेतृत्व में मजारा डिंगरियां में लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। होशियारपुर में विधायक ब्रम शंकर जिम्पा के नेतृत्व में गांव सतियाल में रैली आयोजित की गई। उड़मुड़ टांडा विधान सभा क्षेत्र में विधायक जसवीर सिंह राजा गिल ने फतेहपुर, भट्टलां व भट्टीवाल में अभियान चलाया।
मुकेरियां विधान सभा क्षेत्र में विधानसभा क्षेत्र इंचार्ज प्रो. जी.एस. मुल्तानी ने फत्तूवाल, जलाला व टंगरालियां में रैली का संचालन किया। जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में नशे के विरुद्ध सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि एक संकल्प है, जिससे पंजाब को नशा मुक्त बनाया जा सके।
सामाजिक संगठनों और युवाओं ने भी इस पहल की सराहना की और इसे समाज को स्वस्थ और सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इस जागरूकता अभियान में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे इस आंदोलन को मजबूती मिली। नागरिकों ने भी नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी ली और प्रशासन के प्रयासों का समर्थन किया।