5 Dariya News

पंजाब शिक्षा क्रांति : आधुनिक सुविधाओं से लैस हो रहे हैं पंजाब के सरकारी स्कूल – हरभजन सिंह ई.टी.ओ

कहा कि – पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में बनेगा अग्रणी राज्य

5 Dariya News

अमृतसर 26-May-2025

पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान द्वारा लाई गई शिक्षा क्रांति के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। इस बार 10वीं और 12वीं कक्षा के परिणामों में सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी बड़ी संख्या में मेरिट लिस्ट में आए हैं, और वह दिन दूर नहीं जब पंजाब पूरे देश में शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनकर उभरेगा। 

यह बातें कैबिनेट मंत्री श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ ने आज पंजाब शिक्षा क्रांति के तहत सरकारी हाई स्कूल, ब्लॉक रईया-2, अमृतसर की चारदीवारी के कार्य के पूर्ण होने पर उद्घाटन करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने शिक्षा की ओर ध्यान ही नहीं दिया, जिसकी ताजा मिसाल यह है कि बड़ी संख्या में स्कूलों की चारदीवारी तक नहीं करवाई गई थी। 

उन्होंने कहा कि हम सरकारी स्कूलों का कायाकल्प करने में लगे हुए हैं और आने वाले समय में सरकारी स्कूलों की इमारतें प्राइवेट स्कूलों की इमारतों से भी सुंदर होंगी। उन्होंने बताया कि शिक्षा को और अधिक आधुनिक रूप देने और विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पंजाब सरकार सरकारी स्कूलों में करोड़ों रुपए खर्च कर आधुनिक सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए लगातार प्रयासरत है। 

पंजाब के सरकारी स्कूलों ने पिछले तीन वर्षों में बहुत प्रगति की है और निरंतर आधुनिकीकरण की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे हलके के स्कूलों की सूरत बदली जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान और शिक्षा मंत्री श्री हरजोत सिंह बैंस द्वारा पंजाब शिक्षा क्रांति के अंतर्गत स्कूलों की बदलती सूरत पर खुशी जाहिर करते हुए, सरकार से ऐसे ही स्कूलों की मदद जारी रखने की अपील की गई है। 

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों से पूरे राज्य की शिक्षा का आधुनिकीकरण कर दिया जाएगा। इस मौके पर चेयरमैन डॉ. गुरविंदर सिंह, सरपंच बलविंदर सिंह, हलका कोऑर्डिनेटर श्री जुगराज सिंह के अलावा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों के माता-पिता भी उपस्थित थे।