केंद्र व प्रदेश सरकार जनसेवा को समर्पित होकर बढ़ रही है आगे: श्याम सिंह राणा
5 Dariya News
रेवाड़ी 25-May-2025
हरियाणा के कृषि एवं पशुपालन मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा है कि केंद्र व प्रदेश सरकार विजन-2047 के लक्ष्य को सामने रखते हुए विकास कार्यों को गति प्रदान कर रही है। प्रदेश विकास कार्यों में तेजी से अग्रणी बन रहा है। कृषि मंत्री आज रेवाड़ी के बावल विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार के साथ गांव टीट में लोगों की जन समस्याओं को सुन रहे थे।कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों से प्रदेश के सभी वर्ग खुश हैं।
सरकार द्वारा चलाई जा रही नीतियों का फायदा आम आदमी तक सीधा पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समान विकास की विचारधारा से विकास कार्य कराए जा रहे हैं।कृषि मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार और अन्य गणमान्य लोगों के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मासिक कार्यक्रम “मन की बात” को भी सुना।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का आग्रह, विद्यार्थियों के लिए परीक्षा की नई सोच और पर्यावरण संरक्षण में जन भागीता की बात बड़ी प्रेरणादायक रूप से की है। जल संरक्षण पर उन्होंने कहा कि बारिश की बूंदों को संरक्षित करके भी हम बहुत सारा पानी बर्बाद होने से बचा सकते हैं।