5 Dariya News

यूथ अकाली दल अध्यक्ष सरबजीत सिंह झिंजर ने एस.जी.ਪੀ.सी. के खिलाफ चल रही झूठी मुहिम पर ट्रोल्स को लताड़ा

5 Dariya News

चंडीगढ़ 21-May-2025

यूथ अकाली दल के अध्यक्ष सरबजीत सिंह झिंजर ने एक फौजी अधिकारी द्वारा किए गए झूठे दावे पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एस.जी.पी.सी.) द्वारा दी गई सफाई के बाद, कुछ ट्रोल्स द्वारा एस.जी.पी.सी. को बदनाम करने के लिए चलाई जा रही ऑनलाइन झूठी मुहिम की कड़ी निंदा की है।

विवाद तब शुरू हुआ जब एक सेना अधिकारी ने एक इंटरव्यू में झूठा दावा किया कि श्री दरबार साहिब के परिसर के अंदर एंटी-ड्रोन मिसाइलें तैनात की गई हैं। एस.जी.पी.सी. ने तुरंत इस बेबुनियाद दावे को खारिज करते हुए इसे पूरी तरह असत्य और सिख भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया।

झिंजर ने कहा, “यह बेहद शर्मनाक है कि सच सामने आने के बावजूद कुछ स्वार्थी तत्व एक सम्मानित सिख संस्था एस.जी.पी.सी. के खिलाफ ऑनलाइन हमला कर रहे हैं।” उन्होंने इस ओर इशारा किया कि खुद भारतीय सेना ने भी एक आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी करते हुए यह स्पष्ट किया कि श्री दरबार साहिब के भीतर एंटी-ड्रोन गन की तैनाती को लेकर मीडिया रिपोर्टें गलत और भ्रामक थीं।

उन्होंने आगे कहा, “जब खुद सेना ने इस दावे को खारिज कर दिया है, तो इन ट्रोल्स को यह झूठा प्रचार बंद कर देना चाहिए। श्री दरबार साहिब जैसे सिख धार्मिक स्थलों को ऐसी गैर-जिम्मेदाराना विवादों में नहीं घसीटना चाहिए।” झिंजर ने भारतीय सेना द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण की सराहना की और उनके जवानों की वीरता की प्रशंसा की। 

उन्होंने कहा, “हम भारतीय सेना द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना करते हैं और पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने और देश की रक्षा करने में हमारे सैनिकों द्वारा दिखाई गई अद्भुत बहादुरी को सलाम करते हैं।” अंत में उन्होंने झूठा दावा करने वाले अधिकारी से सार्वजनिक माफी की मांग की और धार्मिक संस्थाओं के राजनीतिकरण से बचने की चेतावनी दी।