‘युद्ध नशे के विरुद्ध ’: मोहिंदर भगत ने वार्ड डिफेंस समितियों को नशे के खिलाफ जन आंदोलन बनाने में सक्रिय सहयोग देने का
कहा, पंजाब को नशा मुक्त बनाने की लड़ाई अब प्रत्येक गांव और वार्ड में शुरू
5 Dariya News
जालंधर 19-May-2025
पंजाब सरकार की नशे के खिलाफ मुहिम 'युद्ध नशे के विरुद्ध 'के तहत पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने आज वार्ड नंबर 45, 46 और 47 में वार्ड डिफेंस समितियों के साथ बैठक दौरान उन्हें नशे के खिलाफ जन आंदोलन बनाने में सक्रिय रूप से सहयोग करने का आह्वान किया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा शुरू की गई नशा उन्मूलन मुहिम के तहत नशे के खिलाफ घर-घर संदेश पहुंचाने के लिए गांवों और वार्डों में बैठकें की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब को नशा मुक्त बनाने की लड़ाई अब हर गांव व वार्ड में शुरू हो गई है, जो राज्य को पूर्ण रूप से नशा मुक्त व रंगला पंजाब बनाने में सहायक सिद्ध होगी। श्री भगत ने कहा कि पंजाब सरकार जहां नशे के कारोबार में संलिप्त तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है, वहीं नशा मुक्ति यात्रा भी शुरू की है, जिसके माध्यम से सभी गांवों व वार्डों में नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति की यात्रा कोई राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि एक सामाजिक संकल्प है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की नशे के खिलाफ लड़ाई के सार्थक परिणाम सामने आने लगे हैं। उन्होंने कहा कि लोग इस मुहिम में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे है,जो इस बात का सबूत है कि पंजाब सरकार द्वारा नशे की बुराई को खत्म करने के लिए शुरू की गई मुहिम में उनका पूरा विश्वास है।
श्री भगत ने वार्ड डिफेंस समितियों के सदस्यों से कहा कि वे इस अभियान को जिले के प्रत्येक घर तक ले जाएं तथा अपने-अपने वार्ड में पूरी निगरानी बनाए रखें ताकि कोई भी व्यक्ति नशे के कारोबार में संलिप्त न हो सके। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी कोई गतिविधि संज्ञान में आए तो तुरंत पुलिस को सूचित किया जाए।
उन्होंने समिति के सदस्यों से नशा पीड़ितों के पुनर्वास में सहयोग करने की भी अपील की। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति शपथ भी दिलाई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने नशा न करने, नशा न करने देने, नशा बेचने वालों व नशा तस्करों की मदद करने वालों का विरोध करने तथा पंजाब को नशा मुक्त बनाने की शपथ ली।
कैबिनेट मंत्री ने अपील की कि प्रत्येक नागरिक नशे के खिलाफ इस आंदोलन में शामिल हो ताकि इस बुराई को खत्म किया जा सके। प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि भी इसमें शामिल हुए। एस. एच.ओ. हरदेव सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार ने पुलिस विभाग को नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने की पूरी छूट दे रखी है।
उन्होंने लोगों से नशे के खिलाफ लड़ाई में सहयोग करने की अपील की और कहा कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी पंजाब सरकार द्वारा जारी किए गए व्हाट्सएप नंबर 9779-100-200 पर दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग से डा. सिमरन जीत कौर ने पंजाब सरकार द्वारा नशा पीड़ितों के उपचार एवं पुनर्वास के लिए उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जिले में दो नशा मुक्ति केंद्र सिविल अस्पताल जालंधर और नूरमहल में चलाए जा रहे है तथा गांव शेखे में एक पुनर्वास केंद्र चलाया जा रहा है।
इसी प्रकार, जिले में 26 ओएटी क्लीनिक कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में किसी भी प्रकार की सहायता के लिए जिला नशा मुक्ति हेल्पलाइन नंबर 0181-2911969 पर संपर्क किया जा सकता है। इस मौके पर पार्षद रूपा भगत और मनमीत कौर, वार्ड प्रभारी रजनीश, पूर्व चेयरमैन प्रेम भगत, नायब तहसीलदार गुरसिमरनजीत सिंह, एक्सियन नगर निगम बलजीत सिंह आदि भी मौजूद थे।