5 Dariya News

'ऑपरेशन सिंदूर' भारत की सैन्य शक्ति और रणनीतिक क्षमता का प्रमाण : राव इंद्रजीत सिंह

केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता के उपलक्ष्य में रेवाड़ी में आयोजित 'तिरंगा यात्रा' का किया नेतृत्व

5 Dariya News

रेवाड़ी 18-May-2025

'ऑपरेशन सिंदूर' की ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में आज रेवाड़ी में 'तिरंगा यात्रा' का आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने किया। सेना के शौर्य और पराक्रम को समर्पित यह यात्रा स्थानीय महाराणा प्रताप चौक से शुरू होकर शहीद स्मारक नजदीक लघु सचिवालय पर संपन्न हुई। यात्रा में आमजन, पूर्व सैनिक, युवा वर्ग और मातृशक्ति की प्रमुख भागीदारी रही। 

यात्रा में रेवाड़ी से विधायक श्री लक्ष्मण सिंह यादव, बावल से विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, कोसली से विधायक श्री अनिल यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना पोपली सहित पूर्व मंत्री डॉ. बनवारी लाल भी शामिल हुए। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने यात्रा में सहभागी बने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा 'ऑपरेशन सिंदूर' भारत सरकार की आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का प्रत्यक्ष प्रमाण है। यह ऑपरेशन भारतीय सेना के अद्वितीय साहस, रणनीतिक कुशलता और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट शब्दों में दोहराया है कि अब किसी भी प्रकार के आतंकवादी कृत्य को राष्ट्र के विरुद्ध युद्ध की तरह माना जाएगा और उसी गंभीरता से उसका उत्तर भी दिया जाएगा।

राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर न केवल भारत की सैन्य ताकत का परिचायक है बल्कि यह विश्व समुदाय को यह संदेश भी देता है कि भारत अपनी संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए किसी भी सीमा तक जा सकता है। पूरी दुनिया ने भारतीय सेना का पराक्रम देखा और उसका सम्मान किया है।उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने यह सिद्ध कर दिया कि भारतीय सेना किसी भी खतरे का सामना करने में पूर्णतः सक्षम है। 

पाकिस्तान को दी गई यह शिकस्त केवल एक सैन्य विजय नहीं अपितु भारत की संप्रभुता की रक्षा का संकल्प भी है। उन्होंने कहा कि इस अभियान ने वैश्विक मंच पर भारत की रणनीतिक सोच और सैन्य क्षमता को मान्यता दिलाई है।केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा यह अभियान भारत की सैन्य शक्ति, सटीक योजना और जवानों के साहस का जीता-जागता प्रमाण है। 

यह नया भारत है जो अपने सैनिकों के पराक्रम से ना केवल दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देता है बल्कि आतंक के आकाओं को उनके घर मे घुसकर मारता है।उन्होंने कहा कि यह तिरंगा यात्रा उन सभी वीरों को भी समर्पित है जिन्होंने देश की रक्षा में अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से देश की एकता, अखंडता और सैनिकों के सम्मान में सदैव अग्रसर रहने की अपील की। तिरंगा यात्रा का शहीद स्मारक पर राष्ट्रगान के साथ गरिमामयी ढंग से समापन हुआ।