5 Dariya News

पंजाब शिक्षा क्रांति : सरकार शिक्षा के स्तर को ऊँचा उठाने के लिए वचनबद्ध - ई.टी.ओ

जंडियाला विधानसभा क्षेत्र के 5 स्कूलों के कायाकल्प हेतु 66.78 लाख रुपए खर्च

5 Dariya News

अमृतसर 16-May-2025

मुख्यमंत्री पंजाब श्री भगवंत सिंह मान की सुव्यवस्थित अगुवाई में पंजाब शिक्षा क्रांति अभियान के अंतर्गत पंजाब सरकार राज्य के सरकारी स्कूलों के कायाकल्प हेतु वचनबद्ध है। राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में भवनों का नवीनीकरण और चारदीवारी का निर्माण किया जा रहा है।

इन शब्दों की अभिव्यक्ति कैबिनेट मंत्री श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ ने आज जंडियाला विधानसभा क्षेत्र के पांच स्कूलों में नई चारदीवारी, नए कक्षा-कक्ष, आर्ट और क्राफ्ट रूम आदि के उद्घाटन के उपरांत की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान की विकासोन्मुख सोच के कारण सरकारी स्कूलों में बड़े स्तर पर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं और स्कूलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र में पंजाब को अग्रणी राज्य बनाने के लिए सार्थक कदम उठा रही है। कैबिनेट मंत्री श्री ई.टी.ओ ने बताया कि सरकारी हाई स्कूल सैदोलैहल में 19.55 लाख रुपए की लागत से, सरकारी एलिमेंट्री स्कूल तरसिक्का में 4.08 लाख रुपए की लागत से, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल तरसिक्का में 24.14 लाख रुपए की लागत से, सरकारी एलिमेंट्री स्कूल महसामपुर कलां में 7.50 लाख रुपए की लागत से और सरकारी मिडिल स्कूल महसामपुर कलां में 11.51 लाख रुपए की लागत से नए कक्षा-कक्ष, नई चारदीवारी और आर्ट एंड क्राफ्ट रूम आदि के विकास कार्यों का उद्घाटन किया गया।

लोक निर्माण मंत्री श्री ई.टी.ओ ने बताया कि इन गांवों में 5.46 करोड़ रुपए की लागत से नई सड़कों का निर्माण भी करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का मुख्य उद्देश्य लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करना है। उन्होंने यह भी बताया कि जंडियाला क्षेत्र की कोई भी सड़क कच्ची नहीं छोड़ी जाएगी। 

इस अवसर पर हलका कोऑर्डिनेटर श्री जुगराज सिंह, स्कूल प्रमुख मैडम विम्मी भाटिया, श्री जगविंदर सिंह, श्री दीपक कुमार, श्री सुखपाल सिंह, श्री सुखजिंदर सिंह के अलावा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, उनके माता-पिता और गांवों के गणमान्य लोग उपस्थित थे।