जलालाबाद में बनेगी नई अनाज मंडी
कृषि मंत्री खुड्डियां द्वारा डी.सी. फाजिल्का को जगह की शिनाख्त करने के आदेश
5 Dariya News
जलालाबाद 15-May-2025
पंजाब के कृषि और किसान कल्याण मंत्री स. गुरमीत सिंह खुड्डियां ने फाजिल्का के डिप्टी कमिश्नर को जलालाबाद में नई अनाज मंडी बनाने के लिए जगह की शिनाख्त करने के निर्देश दिए हैं ताकि स्थानीय किसानों को घरों के पास फसल बेचने की सुविधा मुहैया करवाई जा सके। स. गुरमीत सिंह खुड्डियां ने जलालाबाद के विधायक श्री जगदीप कंबोज गोल्डी, कृषि और किसान कल्याण विभाग के प्रशासनिक सचिव डॉ. बसंत गर्ग और सचिव पंजाब मंडी बोर्ड श्री रामवीर के साथ आज यहां अपने कार्यालय में फाजिल्का जिला प्रशासन के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मीटिंग की।
कृषि मंत्री स. गुरमीत सिंह खुड्डियां ने फाजिल्का के डिप्टी कमिश्नर अमरप्रीत कौर संधू को नई अनाज मंडी बनाने के लिए उपयुक्त जगह, जिस तक किसानों की पहुंच आसान हो, की पहचान करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर को 19 मई तक अनाज मंडी के लिए प्रस्तावित जगह के बारे में रिपोर्ट पेश करने के लिए भी कहा गया है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस नई अनाज मंडी के बनने से किसानों पर लॉजिस्टिक्स खर्चों का बोझ काफी हद तक घटेगा और उनके समय और संसाधनों की बचत भी होगी। उन्होंने कहा कि यह कदम किसानों को सशक्त बनाने और इस क्षेत्र में कृषि विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में अहम कदम सिद्ध होगा।