जे.टी.पी.एल. सिटी, खरड़ में वृक्षारोपण अभियान के तहत- ‘हरियावल पंजाब' पर्यावरण सरंक्षण गतिविधि की ओर एक सार्थक कदम’
5 Dariya News
खरड़ 10-May-2025
आज सुबह सूर्योदय के समय पर 10 मई, 2025 रविवार को जे.टी.पी.एल. सिटी, खरड़, मोहाली में पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के द्बारा एक भव्य वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ बनाकर भावी पीढ़ियों को एक बेहतर जीवन प्रदान करना रहा।
इस अभियान के दौरान 100 से अधिक विभिन्न प्रकार के पौधे, जिनमें कई औषधीय पौधे नीम , अर्जन, पहाड़ी शीशम का वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों , हरियावल पहरियो और स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण गतिविधि की टीम के साथ मिलकर इस अभियान को सफल बनाया।
यह कार्यक्रम जिला समन्वयक श्री अमित कालिया और बृजमोहन जोशी के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ, जिनके साथ प्रसिद्ध पर्यावरणविद् डॉ. प्रदीप शर्मा, डॉ. अजय गांधी, डॉ.शिव कौशल, डॉ.जितेन्द्र नारायण, एवं टीम के अन्य सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित सदस्यों ने भारत और पंजाब की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए, जो देशभक्ति और कृतज्ञता का अनोखा उदाहरण बना।
पर्यावरण संरक्षण गतिविधि की टीम ने विशेष रूप से गोदरेज एंड बॉयस मैन्युफैक्चरिंग कंपनी लिमिटेड मोहाली के श्री नितिन चौहान एवं इंजीनियर मनमोहन तेजपाल का आभार प्रकट किया, जिन्होंने इस अभियान हेतु पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करवाई और हरित पंजाब मिशन में सक्रिय योगदान दिया।
स्थानीय निवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे वृक्षारोपण कार्यक्रमों के आयोजन की इच्छा व्यक्त की। इस अभियान ने यह सिद्ध कर दिया कि जब समाज एकजुट होकर कार्य करता है, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रभावशाली परिणाम संभव हैं।