घनौर बनेगा राज्य का पहला विधान सभा क्षेत्र, जहां हर गांव में होगा खेल मैदान
अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी गुरलाल घनौर बच्चों और युवाओं के लिए बने रोल मॉडल
5 Dariya News
घनौर/पटियाला 06-May-2025
अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी और घनौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री गुरलाल घनौर द्वारा बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों को खेलों से जोड़ने के लिए किए जा रहे अथक प्रयासों के चलते विधानसभा क्षेत्र के 173 गांवों में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से वॉलीबॉल कोर्ट बनकर तैयार हो गए हैं, जिनमें से 98 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और मई महीने में ये सभी कोर्ट खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
राज्य के लोगों, खासकर युवाओं को स्वस्थ रखने, नशे से दूर करने और खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से राजनीति में आए अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी श्री गुरलाल घनौर द्वारा अपने क्षेत्र के हर गांव में खेल मैदान विकसित किए गए हैं, जहां वॉलीबॉल सहित अन्य खेलों के लिए भी सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।
क्षेत्र में 15 ग्राउंड एक से चार एकड़ क्षेत्र में विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें खेड़ीगुर्ना में 40 लाख रुपये और घड़ाम में 20 लाख रुपये की लागत से बने खेल मैदानों का बड़ी संख्या में खिलाड़ी लाभ उठा रहे हैं। विधायक श्री गुरलाल घनौर ने बताया कि घनौर हलके में कुल 175 गांव हैं, जिनमें से 173 में वॉलीबॉल कोर्ट बनाए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि वॉलीबॉल एक ऐसा खेल है जिसे हर उम्र का व्यक्ति खेल सकता है और 10 से 15 लोग किसी भी समय, चाहे रात ही क्यों न हो, एक साथ खेल सकते हैं। उन्होंने बताया कि ये कोर्ट गांवों के नजदीक, अधिकतर स्कूलों या सार्वजनिक स्थानों के पास बनाए गए हैं और रात को खेलने के लिए लाइट्स भी लगाई गई हैं।
गुरलाल घनौर ने कहा कि अगर हर गांव के सिर्फ 20 बच्चे भी इन वॉलीबॉल ग्राउंड्स में आना शुरू कर दें तो क्षेत्र के करीब 3500 बच्चे खेल मैदानों से जुड़ जाएंगे। इसके अलावा, यूनिवर्सिटी कॉलेज घनौर में एक करोड़ रुपये की लागत से एक जिम्नेजियम हॉल बनाया गया है और क्षेत्र में अब तक 40 जिम बनाए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि राजपुरा रोड स्थित गांव ढींडसा में रोइंग खेल की शुरुआत के लिए भी कार्य जारी है और जल्द ही यह सुविधा राज्यवासियों को मिल सकेगी। गुरलाल घनौर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने पहले दिन से ही राज्यवासियों को खेल मैदानों से जोड़ने के लिए प्रयास शुरू कर दिए थे।
इसी के तहत लगातार तीन वर्षों से “‘खेडाँ वतन पंजाब दियाँ” अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें लाखों की संख्या में हर उम्र वर्ग के लोग भाग ले रहे हैं और विजेता खिलाड़ियों को करोड़ों रुपये की पुरस्कार राशि राज्य सरकार की ओर से दी जा रही है। अपने भविष्य की योजनाओं का जिक्र करते हुए गुरलाल घनौर ने कहा कि उनका उद्देश्य श्रेत्र के सभी बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों को सुबह और शाम के समय खेल मैदानों से जोड़ना है।
इसी उद्देश्य से वह लगातार पिछले तीन वर्षों से क्षेत्र में खेल मैदान विकसित कर रहे हैं, जिनका लाभ अब बड़ी संख्या में बच्चे, युवा और बुजुर्ग प्रैक्टिस के रूप में ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही इन मैदानों से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलेंगे, जो राज्य का नाम रोशन करेंगे।