युद्ध नशों के विरूद्ध : नशे की पूर्ण समाप्ति की जंग में एकजुट हुआ पूरा पंजाब – हरपाल सिंह चीमा
‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ ने नशे के खिलाफ जंग को पहुंचाया निर्णायक मोड़ पर – हरपाल सिंह चीमा"
5 Dariya News
पटियाला 04-May-2025
पंजाब के वित्त मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने ऐलान किया है कि पंजाब सरकार द्वारा छेड़ी गई “युद्ध नशों विरूद्ध” मुहिम अब निर्णायक मोड़ पर पहुँच चुकी है। आज अपने कैबिनेट साथी स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के साथ पटियाला में गाँव एवं वार्ड डिफेंस समितियों के सदस्यों के साथ बैठक करते हुए उन्होंने कहा कि आज पूरा पंजाब नशों के खिलाफ एकजुट हो चुका है। दोनों मंत्रियों ने ज़ोर देकर कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में जहां नशा तस्करों के घर और हौसले तोड़े गए हैं, वहीं पिछली सरकारों ने इन तस्करों को पनाह दी थी।
हरपाल सिंह चीमा ने “बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयकारों के साथ नशों के विरुद्ध एकत्रित जनसमूह को शपथ दिलाई कि वे “युद्ध नशों विरूद्ध” को जनआंदोलन बनाकर पंजाब को देश का पहला नशा मुक्त राज्य बनाएंगे। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक श्री अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान ने दृढ़ निश्चय कर लिया है कि गुरु-पीरों की इस धरती को नशों से बर्बाद नहीं होने देंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब सरकार की नशों के प्रति ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत नशा तस्करी में किसी भी प्रकार की संलिप्तता उजागर होने पर वह व्यक्ति बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कोई राजनीतिक नेता हो या अफसरशाही का हिस्सा। पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अकाली-भाजपा सरकार के समय पंजाब में नशे के बीज बोए गए, कांग्रेस सरकार ने उसे सींचा, लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार ने अब इस पौधे को जड़ से उखाड़ने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि मान सरकार पानी, खेती और युवाओं को बचाने की लड़ाई लड़ रही है, जबकि भाजपा पंजाब के पानी पर डाका डालने की कोशिश में है , लेकिन पंजाब सरकार इन साजिशों का मुंहतोड़ जवाब देगी। वित्त मंत्री चीमा ने मुख्यमंत्री मान द्वारा बीबीएमबी के मुद्दे पर लिए गए कड़े स्टैंड की प्रशंसा करते हुए कहा कि मान असली जल रक्षक हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एसवाईएल नहर के लिए इंदिरा गांधी को चांदी की कुदाली भेंट की थी और बाद में पानी के मुद्दे पर दिखावा किया। जबकि बादल सरकार ने पंजाब का पानी हरियाणा को देकर गुरुग्राम में ज़मीन हासिल की।
इससे पहले, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने पटियाला जिले के विशाल जनसमूह को देखकर आशा जताई कि पटियाला पंजाब का पहला नशा मुक्त जिला बनेगा। उन्होंने कहा कि आज आम नागरिक सिर उठाकर चल रहा है और नशा तस्कर चेहरा छुपा रहे हैं। अब ड्रोन आते हैं लेकिन नशा लेने वाले नहीं मिलते। उन्होंने नशा तस्करों को चेतावनी दी कि या तो वे पंजाब छोड़ दें या काले कारोबार को।
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि पंजाब सरकार ने यह संकल्प लिया है कि नशा करने वालों को नशा छुड़ाकर नशे की मांग घटाई जाएगी और सप्लाई लाइन तोड़ी जाएगी, ताकि कोई व्यक्ति ओवरडोज़ से ना मरे। उन्होंने कहा कि राज्य में नशा मुक्ति केंद्रों की क्षमता तीन गुना की जा रही है, उन्हें मॉडल केंद्र बनाया जा रहा है और हुनर विकास केंद्रों के ज़रिए उन्हें रोज़गार से जोड़ा जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि 7 मई से सभी विधायक और नेता गांव-गांव जाकर “युद्ध नशों विरूद्ध” को घर-घर पहुँचाएंगे। इस अवसर पर विशेष रूप से पहुंचे पूर्व मंत्री ब्रह्म शंकर जिम्पा ने लोगों से नशा तस्करों का सामाजिक बहिष्कार करने की अपील की। आप के नशा मुक्ति मोर्चा के मालवा ज़ोन के संयोजक एवं डिप्टी मेयर जगदीप सिंह जग्गा ने मोर्चे की गतिविधियों पर प्रकाश डाला।
डीआईजी पटियाला रेंज डॉ. नानक सिंह ने पटियाला पुलिस द्वारा नशों के विरुद्ध की गई कार्रवाई का विवरण देते हुए लोगों से अपील की कि वे नशा तस्करों की जानकारी पुलिस से साझा करें, इसके लिए व्हाट्सऐप नंबर 9779100200 पर भी संपर्क किया जा सकता है।जिला उपायुक्त डॉ. प्रीति यादव ने गांव और वार्ड डिफेंस समितियों की संरचना और उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि ज़िला प्रशासन इस अभियान को सफल बनाने के लिए पूर्ण तत्पर है।
इस अवसर पर विधायक अजीतपाल सिंह कोहली, चेतन सिंह जौड़ामाजरा, गुरदेव सिंह देव मान, गुरलाल घनौर, मंडी बोर्ड के चेयरमैन हरचंद सिंह बरसट, मोर्चा के मुख्य प्रवक्ता बलतेज पन्नू पीआरटीसी चेयरमैन रंजोध सिंह हडाना, मेयर कुंदन गोगिया, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट चेयरमैन मेघचंद शेरमाजरा, शहरी प्रधान तेजिंदर मेहता, सीनियर डिप्टी मेयर हरिंदर कोहली, वाइस चेयरमैन इंद्रजीत सिंह संधू, ज़िला योजना समिति चेयरमैन जसवीर सिंह जस्सी सोहियाँ वाला, पीआरटीसी वाइस चेयरमैन बलविंदर सिंह झाड़वां, मनिंदरजीत विक्की घनौर, बलकार सिंह गज्जूमाजरा, महिंगा सिंह बराड़, सुरिंदरपाल शर्मा, यादविंदर गोल्डी लाडेन, दविंदरपाल मिक्की समेत सभी क्षेत्रों के डिफेंस कमेटियों के सदस्य, पंच-सरपंच, पार्षद, आम आदमी पार्टी की लीडरशिप और वॉलंटियर्स, नगर निगम कमिश्नर परमवीर सिंह, एडीसी ईशा सिंगल और नवरीत कौर सेखों, एसपी पलविंदर सिंह चीमा और गुरबंस सिंह बैस, एसडीएम और अन्य ज़िला अधिकारी मौजूद रहे।