5 Dariya News

आप डेराबस्सी ने केंद्र के खिलाफ किया प्रदर्शन

भाजपा की केंद्र व हरियाणा सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर रही है: विधायक रंधावा

5 Dariya News

डेराबस्सी 01-May-2025

डेराबस्सी विधायक सरदार कुलजीत सिंह रंधावा जी के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की टीम ने केंद्र व हरियाणा की भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस अवसर पर विधायक रंधावा ने भाजपा द्वारा हरियाणा व केंद्र में अपनी सत्ता का दुरुपयोग कर पंजाब को उसके पानी से वंचित करने की साजिश की निंदा की। 

हमारे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को स्पष्ट रूप से कहा कि राज्य के पास किसी अन्य राज्य के साथ साझा करने के लिए एक बूंद पानी नहीं है। रंधावा ने अपने संबोधन में कहा कि हर साल बीबीएमबी पंजाब, हरियाणा व राजस्थान को पानी वितरित करता है, जो अगले साल 21 मई से 20 मई तक प्रभावी है। 

उन्होंने कहा कि इस वर्ष बीबीएमबी ने राजस्थान, हरियाणा और पंजाब को क्रमश: 3.318 एमएएफ, 2.987 एमएएफ और 5.512 एमएएफ पानी वितरित किया है और हरियाणा की भाजपा सरकार ने इस वर्ष 31 मार्च तक अपने हिस्से का पानी इस्तेमाल कर लिया था, जिसके बाद संकट पैदा हो गया। रंधावा ने कहा कि बाद में हरियाणा सरकार ने पंजाब से अपील की थी कि उनके पास लोगों की पीने की जरूरतों को पूरा करने के लिए भी पानी नहीं है। 

उन्होंने कहा कि मानवता के नाते पंजाब सरकार ने उदारतापूर्वक 6 अप्रैल, 2025 से हरियाणा को रोजाना 4000 क्यूसेक पानी आवंटित किया है। उन्होंने कहा कि हालांकि हरियाणा की आबादी तीन करोड़ है और अनुमान के मुताबिक 1700 क्यूसेक पानी राज्य के लोगों की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त है। हालांकि, हरियाणा सरकार ने पंजाब से अपनी वास्तविक जरूरत से 2.5 गुना अधिक पानी मांगा है। 

इसके बावजूद उन्होंने कहा कि पंजाब अप्रैल से यह पानी दे रहा है और कुछ दिन पहले हरियाणा ने अनुरोध किया था कि यह पानी उनके लिए पर्याप्त नहीं है और उन्हें रोजाना 8500 क्यूसेक अतिरिक्त पानी की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट है कि सिंचाई के लिए इस पानी की आवश्यकता है और यह समस्या इसलिए उत्पन्न हुई है क्योंकि हरियाणा ने अपने हिस्से के पानी का उचित उपयोग नहीं किया है। 

उन्होंने कहा कि पंजाब का पानी राज्य का है और किसी को भी राज्य को इससे वंचित नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसी को भी पंजाब को उसके उचित हिस्से से वंचित नहीं करने देगी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि भाजपा हरियाणा और केंद्र में अपनी सरकार के माध्यम से राज्य को दबाने की कोशिश कर रही है और यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि बीबीएमबी पंजाब के हिस्से के पानी को लूटने के लिए हर दिन नए प्रस्ताव पारित कर रही है। 

विधायक रंधावा ने दोहराया कि राज्य सरकार राज्य के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी को भी हमारा पानी हमसे लूटने की इजाजत नहीं दी जाएगी।