5 Dariya News

बच्चों को उच्च शिक्षा दिलवाएं तभी बाबा साहब के सपनों को कर सकेंगे साकार - कृष्ण लाल पंवार

बाबा साहब के मूलमंत्र को आगे बढ़ाते हुए समाज और प्रदेश की भलाई के लिए करें कार्य

5 Dariya News

पंचकूला 29-Apr-2025

हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि बाबा साहब ने अपने जीवन काल में दलित समाज की भलाई के लिए  संघर्ष किया। इसलिए हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हम सबको मिलकर बाबा साहब के बताए रास्ते पर चलना चाहिए। उन्होंने सभी से आह्वान करते हुए कहा कि हमें अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलवानी चाहिए जिससे बच्चे बाबा साहब के सपनों को साकार कर सकेंगे।

विकास एवं पंचायत मंत्री सोमवार को पंचकूला में डॉ अंबेडकर की 135 वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अंबेडकर भवन में लिफ्ट का निर्माण करने के लिए 21 लाख रुपए देने की घोषणा की और स्मार्ट क्लास रूम का उद्घाटन किया। श्री पंवार ने कहा कि आज हम सब मिलकर प्रतिज्ञा लें कि समाज के प्रतिभावान जरूरतमंद बच्चों को एडॉप्ट कर उच्च शिक्षा दिलवाएंगे और उनका पूरा खर्च उठाएंगे।

इस प्रकार हम समाज को आगे बढ़ाने के लिए युवाओं को उच्च शिक्षा की और प्रेरित करेंगे तभी सार्थक परिणाम आयेंगे। उन्होंने कहा कि हम बाबा साहब के मूलमंत्र को आगे बढ़ाते हुए समाज और प्रदेश की भलाई के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि छात्रों को सुविधाएं मिलें इसके लिए हर जिले में युवाओं के लिए कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी खोलने के लिए कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र के उमरी गांव में लगभग 5 एकड़ भूमि पर गुरु रविदास महाराज का धाम और छात्रावास बनाया जा रहा है। फतेहाबाद में बन रहे मेडिकल कॉलेज का नाम गुरु रविदास के नाम पर रखा गया है। इसके अलावा सिरसा विश्वविद्यालय में गुरु जी के नाम की चेयर  स्थापित की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा एमबीबीएस, एमडी की पढ़ाई में आरक्षण का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा प्रदेश में श्रेणी ए और बी में आरक्षण के लिए क्रीमीलेयर की बात को क्लियर करने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जी से बात की है।

श्री पंवार ने कहा कि सरकार ने समाज के युवाओं को  उद्यमिता की और प्रोत्साहित करने के लिए एचएसआईडीसी के प्लाटों में 20 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। इसलिए युवाओं को उद्योग लगाने के लिए आगे आना चाहिए और रोजगार लेने की बजाय रोजगार देने वाला बनना चाहिए। उद्योग एवं वाणिज्यिक विभाग में हमारे युवाओं और महिलाओं के लिए सब्सिडी का प्रावधान भी किया गया है।