पंजाब में 60 लाख मीट्रिक टन गेहूं मंडियों में पहुंचा, 54 लाख मीट्रिक टन की हुई खरीद : मंत्री लाल चंद कटारूचक्क
8000 करोड़ रुपये की अदायगी किसानों के खातों में ट्रांसफर, मज़दूरों और पल्लेदारों को मिलने वाले मेहनताने में वृद्धि, लगभग 10 करोड़ रुपये का लाभ मिलेगा
5 Dariya News
बरनाला 23-Apr-2025
पंजाब के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री श्री लाल चंद कटारूचक्क ने दाना मंडी बरनाला में गेहूं की खरीद संबंधी जायज़ा लिया और संतुष्टि व्यक्त की। इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि पंजाब में इस बार गेहूं की बंपर फसल हुई है। अब तक 60 लाख मीट्रिक टन गेहूं मंडियों में पहुंच चुका है और 54 लाख मीट्रिक टन की खरीद कर ली गई है। इसके अलावा, अब तक लगभग 2.5 लाख किसान मंडियों में अपनी उपज लेकर पहुंचे हैं और बनती अदायगी का 8000 करोड़ रुपये किसानों के खातों में ट्रांसफर कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार, जहां अदायगी खरीद होने के 24 घंटों में की जा रही है, वहीं लिफ्टिंग में भी कोई ढिलाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा मंडियों के दौरे के दौरान फिलहाल कोई मुश्किल सामने नहीं आई। उन्होंने आज संगरूर, बरनाला और मालेरकोटला की मंडियों का दौरा किया।
उन्होंने कहा कि बंपर फसल होने से केंद्रीय पूल का 124 लाख मीट्रिक टन का खरीद लक्ष्य आसानी से पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जहां किसानों को उनकी फसल का पूरा मूल्य दिया जा रहा है, वहीं मज़दूरों और पल्लेदारों का भी ख्याल रखते हुए मुख्यमंत्री पंजाब स. भगवंत सिंह मान द्वारा मेहनताने के रेटों में वृद्धि की गई है।
मंत्री श्री कटारूचक्क ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के हर वर्ग की भलाई के लिए चिंतित है और आवश्यकतानुसार उन वर्गों को विभिन्न सुविधाएं दी जाती हैं। उन्होंने बताया कि मज़दूरों और पल्लेदारों को ढुलाई के लेबर किराए में वृद्धि की गई है। ढुलाई वाले मज़दूर को 2.64 पैसे इस साल बढ़ाकर दिए जा रहे हैं, जिससे उन्हें कुल 10 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलेगा।
इसके अलावा, पंजाब सरकार में काम करने वाले दर्ज 4 कर्मचारियों को गेहूं खरीदने के लिए 9700 करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त ऋण दिया जा रहा है।उन्होंने कहा कि मंडियों में आए अनाज को मौसम की मार से बचाने के लिए सभी एजेंसियों और आढ़तियों को तिरपाल और क्रेटों के समुचित प्रबंध करके रखने के लिए कहा गया है। इसके अलावा, बारदाने की भी कोई कमी नहीं है।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा 31 लाख मीट्रिक टन भंडारण क्षमता का विस्तार किया जा रहा है। इस बार 15 लाख मीट्रिक टन अगले दिनों में सीधे केंद्र द्वारा उठा ली जाएगी। उन्होंने कहा कि भंडारण क्षमता में किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। इस मौके पर उन्होंने मज़दूरों से भी बातचीत की और गेहूं की ढुलाई का जायज़ा लिया।
इस अवसर पर हलका इंचार्ज स. हरिंदर सिंह धालीवाल, चेयरमैन नगर सुधार ट्रस्ट बरनाला श्री राम तीरथ मन्ना, स. परमिंदर सिंह भंगू चेयरमैन मार्केट कमेटी बरनाला, चेयरमैन तपा तरसेम सिंह कहणेके, चेयरमैन धनौला गुरजोत सिंह, उप मंडल मजिस्ट्रेट बरनाला स. हरकंवलजीत सिंह, खाद्य आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।