5 Dariya News

पंजाब में कांग्रेस से लड़ाई, चंडीगढ़ में कांग्रेस की परछाई – आम आदमी पार्टी की दोहरी नीति बेनकाब : संजीव राणा

5 Dariya News

चंडीगढ़ 20-Apr-2025

भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के मीडिया प्रभारी संजीव राणा ने आज चंडीगढ़ आम आदमी पार्टी पर ज़बरदस्त हमला बोला और उनकी राजनीति को अवसरवाद, भ्रम और राष्ट्रविरोधी चुप्पी का प्रतीक बताया। “पंजाब में आम आदमी पार्टी कांग्रेस को भ्रष्टाचार और आतंक के पोषक के रूप में पेश करती है, लेकिन चंडीगढ़ में उसी कांग्रेस के साथ गलबहियां डालती है – क्या यही है ‘ईमानदारी की राजनीति’?” – राणा ने पूछा।

उन्होंने प्रताप सिंह बाजवा के उस चौंकाने वाले बयान पर आम आदमी पार्टी की चुप्पी पर भी करारा प्रहार किया जिसमें कहा गया था कि “50 ग्रेनेड पंजाब में पहुंच चुके हैं”। “जब बाजवा खुलेआम 50 ग्रेनेड आने की बात करते हैं, तो आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ चुप क्यों है? क्या आप इस बयान का समर्थन करते हैं? 

अगर नहीं, तो कांग्रेस की गोद में क्यों बैठे हैं? ऐसा कौन-सा स्वार्थ है जो आपको देश की सुरक्षा से बड़ा लग रहा है?” – संजीव राणा

राणा ने कहा कि चंडीगढ़ आम आदमी पार्टी की चुप्पी अब संयोग नहीं, षड्यंत्र की साझेदारी लगने लगी है। “क्या आम आदमी पार्टी को दिल्ली से निर्देश मिला है कि चंडीगढ़ में कांग्रेस से सवाल न पूछे जाएं? क्या उनकी वफादारी राष्ट्र से नहीं, सत्ता की सेटिंग से है?”

उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ की जनता अब सब समझ रही है – “झाड़ू के पीछे छिपे स्वार्थ का चेहरा अब बेनकाब हो चुका है। जनता सवाल पूछेगी, और जवाब भी लेगी।”