5 Dariya News

सफाई एक वर्ग की जिम्मेदारी नहीं, यह पूरे समाज का नैतिक कर्तव्य - कृष्णपाल गुर्जर

केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने डॉ भीम राव अंबेडकर के जन्मोत्सव से चल रहे स्वच्छता पखवाड़ा में सहभागिता निभाई

5 Dariya News

फरीदाबाद 18-Apr-2025

केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री श्री कृष्णपाल गुर्जर ने आज भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़े के तहत स्वच्छता अभियान में सहभागिता निभाते हुए फरीदाबाद जिले में स्वयं झाड़ू लगाकर सफाई की शुरुआत की। उन्होंने सड़क पर फैली गंदगी को एकत्र कर रिक्शा के माध्यम से कचरा स्थानांतरण केंद्र तक भिजवाया, जिससे उन्होंने स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाया।

श्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि देशभर में डॉ. अंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास से मनाई जा रही है। जहां उन्हें संविधान निर्माता के रूप में पहचाना जाता है, वहीं यह जानना जरूरी है कि वे स्वच्छता के भी सशक्त प्रवक्ता थे। उन्होंने यह महसूस किया कि समाज में सफाई का काम एक वर्ग विशेष तक सीमित कर दिया गया है जो कि एक अन्यायपूर्ण परंपरा है।

उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने स्वच्छता कर्मियों को समाज की ‘‘रीढ़ की हड्डी’’ माना है। आज जब हम स्वच्छता की बात करते हैं तो यह ध्यान रखना आवश्यक है कि डॉ. अंबेडकर का दृष्टिकोण केवल शारीरिक सफाई तक सीमित नहीं था, बल्कि उनका सपना एक ऐसा समाज था जो समता, न्याय और स्वच्छता के आदर्शों पर आधारित हो।