नरेंद्र मोदी ने हरियाणा को दी विकास की ऐतिहासिक सौगातें, भीषण गर्मी में उमड़ा जनसैलाब
यमुनानगर व हिसार की रैलियों पर बोले कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा—यह जनता का सच्चा समर्थन, मोदी जी के नेतृत्व में हरियाणा को मिल रहा विकास का वरदान
5 Dariya News
चंडीगढ़ 15-Apr-2025
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने प्रधानमंत्री का आभार प्रकट करते हुए कहा कि हरियाणा को एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से विकास की ऐतिहासिक सौगातें मिली हैं। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी ने यमुनानगर और हिसार में कई बड़ी परियोजनाओं की नींव रखकर प्रदेश की विकास यात्रा को नई रफ्तार दी।
मोदी जी का यह दौरा हरियाणा के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण रहा। कृषि मंत्री राणा ने कहा कि यमुनानगर में पंचवटी योजना और सिंचाई से जुड़े कार्य हों या हिसार में एम्स जैसी बड़ी स्वास्थ्य परियोजना—ये सब योजनाएं प्रधानमंत्री के हरियाणा के प्रति विशेष लगाव और दूरदर्शी नेतृत्व का प्रमाण हैं।
उन्होंने कहा, यह केवल योजनाओं का एलान नहीं, बल्कि हरियाणा को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का रोडमैप है, जिसका हर वर्ग को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने राज्य के लोगों, विशेष रूप से किसानों और मजदूरों का धन्यवाद किया, जिन्होंने फसल कटाई के मौसम में समय निकालकर रैली में पहुंचकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को सुना।
उन्होंने कहा कि राज्य के लोग प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर बहुत उत्साहित थे। कृषि मंत्री ने विशेष तौर पर उन हजारों लोगों, कार्यकर्ताओं और किसानों का भी आभार जताया, जो चिलचिलाती गर्मी और फसल कटाई के व्यस्त समय के बावजूद भारी संख्या में दोनों रैलियों में पहुंचे। उन्होंने कहा, यह नज़ारा दिखाता है कि जनता सिर्फ दर्शक नहीं, बल्कि देश के विकास की सहभागी बन चुकी है।
मोदी जी के नेतृत्व में जो भरोसा और आशा जगी है, उसे हरियाणा की जनता ने अपने उत्साह से साबित कर दिया। उन्होंने कहा कि ये रैलियां केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं थीं, बल्कि प्रदेश के भविष्य को नई दिशा देने वाले ऐतिहासिक क्षण थे, जहां लोगों की भागीदारी ने स्पष्ट कर दिया कि हरियाणा मोदी जी की विकास यात्रा में पूरी ताकत से सहभागी है।
कृषि मंत्री ने यह भी आश्वस्त किया कि जिन परियोजनाओं की घोषणा की गई है, उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कर हरियाणा के हर गांव और हर किसान तक लाभ पहुंचाया जाएगा।