5 Dariya News

अमेठी में इस बार चलेगी 'आप' की झाड़ू : कुमार विश्वास

5 दरिया न्यूज

अमेठी 07-May-2014

आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और अमेठी संसदीय सीट से प्रत्याशी कुमार विश्वास ने कहा है कि इस बार यहां आप की झाड़ू चलेगी। कुमार विश्वास अमेठी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की स्मृति ईरानी और कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। मतदान केंद्रों का दौरा करते समय बुधवार को कुमार विश्वास ने भरोसा जताया कि अमेठी बदल रही है। इस बार यहां कम से कम 60 प्रतिशत वोट पड़ेंगे और कांग्रेस के पंजे पर झाड़ू लगेगी। कुमार विश्वास ने कहा, "ऐसा पहली बार होगा जब अमेठी में इलेक्शन होगा, इससे पहले तो यहां पर सलेक्शन होता था। यहां से सांसद राहुल गांधी इस क्षेत्र को दलालों के भरोसे छोड़कर दिल्ली में मौज करते थे। इस बार तो इतनी मेहनत कर रहे हैं कि इसे देखकर यहां के लोग भी हैरान हैं।"उन्होंने कहा कि इस बार के चुनाव में कांग्रेस के युवराज चुनाव के दिन आज (बुधवार) अमेठी में हैं। यह तो हैरान करने वाली बात है। अमेठी के लोगों ने राहुल गांधी को इतना परेशान कभी नहीं देखा है। विश्वास ने कहा, "इस बार राहुल की बहन प्रियंका भी जी-जान से जुटी हैं।"कुमार विश्वास ने कहा कि अमेठी बीते 40 वर्ष से उपेक्षित रहा है। यहां के बच्चे अभिशप्त हैं। युवा रोजगार के लिए देश भर में घूम रहे हैं। यहां पर जो थोड़ा बहुत काम किया, वह स्वर्गीय राजीव गांधी ने किया था।