5 Dariya News

अब महावीर सेतु से धोबीघाट तक का रास्ता कहलाएगा ' श्री रामपथ'

विधायक जिंपा ने किया सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ, दशहरा ग्राउंड में भी होंगे विकास कार्य

5 Dariya News

होशियारपुर 07-Apr-2025

विधायक ब्रम शंकर जिंपा ने बताया कि  श्री सनातन धर्म सभा होशियारपुर की ओर से महावीर सेतु से लेकर धोबीघाट तक के मार्ग को भगवान श्री राम जी के नाम पर 'श्री रामपथ' रखने का अनुरोध किया गया था। उनकी इस मांग को नगर निगम की हाउस कमेटी की बैठक में रखा गया और हाउस की ओर से इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि महावीर सेतु से लेकर धोबीघाट तक के मार्ग को अब 'श्री रामपथ' के नाम से जाना जाएगा।

विधायक जिंपा ने बताया कि यह न सिर्फ एक नाम परिवर्तन है, बल्कि यह धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत  को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस पूरे मार्ग का सौंदर्यीकरण भी उच्च स्तर पर किया जाएगा, जिससे यह मार्ग शहर की शोभा बढ़ाएगा।

इस मौके पर विधायक जिंपा ने दशहरा ग्राउंड में विकास कार्यों की शुरुआत भी की। यहां सीढ़ियों के निर्माण और मैदान के सौंदर्यीकरण का कार्य प्रारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि दशहरा ग्राउंड धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है, और इसके विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

इस अवसर मेयर सुरिंदर कुमार, सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण सैनी और डिप्टी मेयर रंजीत चौधरी, श्री सनातन धर्म सभा व श्री राम लीला कमेटी के पदाधिकारियों के अलावा अन्य गणमान्य भी मौजूद थे।