पंजाब शिक्षा क्रांति: विधायक रमन अरोड़ा ने सरकारी स्कूलों में 29.77 लाख की लागत से विकास कार्यों किए समर्पित
कहा, पंजाब सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों को आधुनिक बुनियादी ढांचे से किया जा रहा है लैस
5 Dariya News
जालंधर 07-Apr-2025
पंजाब सरकार द्वारा शुरू किए गए 'पंजाब शिक्षा क्रांति' कार्यक्रम के तहत आज जालंधर सेंट्रल से विधायक रमन अरोड़ा ने विभिन्न सरकारी स्कूलों में 29.77 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इन विकास कार्यों में सरकारी प्राईमरी स्कूल रैनक बाजार में 15.52 लाख रुपये की लागत से 2 नए क्लास रूम, 3.57 लाख रुपये की लागत से सरकारी प्राईमरी स्कूल लाडोवाली रोड में कक्षाओं की मुरम्मत, 1.99 लाख रुपये की लागत से सरकारी प्राईमरी स्कूल काकी पिंड में चारदीवारी बनाना और सरकारी कन्या सीनियर सकैंडरी स्कूल नेहरू गार्डन में 8.69 लाख रुपये की लागत से शौचालय ब्लॉक और अन्य विकास कार्य शामिल है।
अपने संबोधन में विधायक रमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिकता लाने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि 'पंजाब शिक्षा क्रांति' केवल एक प्रोग्राम नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी के लिए सुनहरे भविष्य की नींव रखने की एक पहल है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार सरकारी स्कूलों को आधुनिक बुनियादी ढांचे से लैस कर रही है।
जिसमें पीने योग्य पानी, हाई-स्पीड वाई-फाई कनेक्शन, लड़कियों और लड़कों के लिए अलग-अलग शौचालय, डेस्क और कुर्सियां, चारदीवारी और अन्य सुरक्षा सुविधाएं शामिल है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के सरकारी स्कूलों को मॉडल बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ेगी।इस मौके पर श्री अरोड़ा ने शिक्षकों से विद्यार्थियों को पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाने की भी अपील की।