युद्ध नशों विरुद्ध अभियान के तहत सागर सेतिया की अगुवाई में निकाली गई जागरूकता रैली
कार्यक्रम में मेयर नगर निगम बलजीत सिंह चानी और बड़ी संख्या में पहुँचे शहरवासी
5 Dariya News
मोगा 05-Apr-2025
पंजाब सरकार द्वारा नशों को जड़ से खत्म करने के लिए चलाई जा रही व्यापक मुहिम "युद्ध नशों विरुद्ध" के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। रोजाना नशा तस्करों को सबूतों सहित गिरफ्तार किया जा रहा है और नशे की दलदल में फंसे युवाओं को बाहर निकालने के लिए नशा छुड़ाओ केंद्रों और अन्य सरकारी तंत्र को मजबूत किया जा रहा है ताकि युवा नशामुक्त होकर अच्छा जीवन जी सकें।
पंजाब सरकार के निर्देशों के तहत जिला प्रशासन मोगा इस अभियान को सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है और यह प्रयास तब तक जारी रहेंगे जब तक नशे का पूरी तरह से खात्मा नहीं हो जाता। जिला प्रशासन इस दिशा में पूरी मेहनत से काम कर रहा है।
इन शब्दों को आज डिप्टी कमिश्नर मोगा श्री सागर सेतिया ने नगर निगम मोगा में रखे गए "युद्ध नशों विरुद्ध" अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम में भाग लेते हुए व्यक्त किया। इस मौके पर उनके साथ नगर निगम मेयर श्री बलजीत सिंह चानी, नगर निगम कमिश्नर श्रीमती चारूमिता, नगर निगम मोगा का स्टाफ और बड़ी संख्या में शहरवासी भी उपस्थित थे।
"युद्ध नशों विरुद्ध" मुहिम के तहत रखे गए इस कार्यक्रम में स्कूल के बच्चों और शहरवासियों द्वारा नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता गतिविधियाँ, नुक्कड़ नाटक आदि प्रस्तुत किए गए। इसके अतिरिक्त नगर निगम मोगा कार्यालय से लेकर जोगिंदर सिंह चौक तक नशों को रोकने के लिए एक रैली का आयोजन भी किया गया, जिसकी अगुवाई डिप्टी कमिश्नर व अन्य अधिकारियों ने स्वयं की।
श्री सागर सेतिया की अगुवाई में उपस्थित सभी लोगों ने पंजाब की मिट्टी की सौगंध लेकर यह प्रतिज्ञा ली कि वे कभी नशा नहीं करेंगे और जहाँ भी नशा बिकता देखेंगे, निडर होकर इसकी जानकारी पुलिस को देंगे। नगर निगम के मेयर श्री बलजीत सिंह चानी ने बताया कि पंजाब सरकार की इस मुहिम का आम जनता द्वारा भरपूर स्वागत किया जा रहा है।
लोग नशा तस्करों के खिलाफ ऐसी मिसाली कार्रवाइयाँ चाहते थे, जो अब पंजाब सरकार कर रही है। नगर निगम मोगा की कमिश्नर श्रीमती चारूमिता ने आम जनता से अपील की कि यदि उनके पास नशा बेचने, खरीदने या करने आदि से संबंधित कोई जानकारी है, तो वे मोगा पुलिस के कंट्रोल रूम नंबर 96568-96568 या सेफ पंजाब हेल्पलाइन नंबर 9779100200 पर सूचना दे सकते हैं।
उनकी पहचान को गुप्त रखा जाएगा।