43 लाख रुपए की लागत से होगी जालंधर बाइपास से फगवाड़ा चौक तक सड़क की मरम्मत : ब्रम शंकर जिम्पा
2.34 करोड़ रुपए की लागत से जल्द बनेगा शेरगढ़ गांव का खराब हालत वाला पुल, टेंडर प्रक्रिया शुरू
5 Dariya News
होशियारपुर 02-Apr-2025
जालंधर बाइपास से फगवाड़ा चौक तक सड़क की खराब हालत को देखते हुए बीते दिनों विधायक ब्रम शंकर जिम्पा द्वारा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ किए गए दौरे के बाद सड़क की मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर जारी है। विधायक ब्रम शंकर जिम्पा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि लोगों के लिए सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार द्वारा 43 लाख रुपए की लागत से सड़क की पूरी मरम्मत करवाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि यह कार्य कुछ ही दिनों में पूरा होने के बाद इस मार्ग पर लोगों के लिए आवागमन और आसान हो जाएगा। नजदीकी गांव शेरगढ़ में पुल की खराब हालत के बारे में विधायक ब्रम शंकर जिम्पा ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी गई है।
उन्होंने बताया कि 2.34 करोड़ रुपए की लागत से यह काम पूरा होगा, जिसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि गांववासियों की लंबे समय से मांग थी कि इस पुल का निर्माण करवाया जाए, जो आने वाले कुछ हफ्तों में पूरी हो जाएगी।
विधायक ब्रम शंकर जिम्पा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा पूरे राज्य के शहरी क्षेत्रों में नागरिकों को अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए बड़े-बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 166 कस्बों में सफाई, पानी की आपूर्ति, सीवरेज, सड़कों और स्ट्रीट लाइटों को एकसमान रूप से प्रदान करने के लिए पंजाब सरकार द्वारा बजट में म्यूनिसिपल डेवलपमेंट फंड के तहत 225 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं।
जिससे शहरी बुनियादी ढांचे में बड़ा सुधार होगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा हर क्षेत्र में आवश्यक विकास करवाने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।