5 Dariya News

हरियाणा कैबिनेट ने नगर पालिका पदों के ग्रुप ए, बी, सी, डी में वर्गीकरण को दी मंजूरी

5 Dariya News

चंडीगढ़ 25-Mar-2025

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आज यहां हुई मंत्रिमंडल की बैठक में अन्य सरकारी विभागों की तर्ज पर राज्य भर की नगर पालिकाओं में ग्रुप ए, बी, सी और डी के तहत पदों के वर्गीकरण को मंजूरी दी गई। इस वर्गीकरण से भर्ती प्रक्रिया सुचारू रूप से होगी, सेवा की गुणवत्ता में वृद्धि होगी और स्थानीय निकाय के नगर प्रशासन के कार्यों में एकरूपता आएगी। 

इस वर्गीकरण से अब ग्रुप ए और बी के समकक्ष फंक्शनल पे लेवल (एफपीएल) वाले नगर पालिका पदों की भर्ती हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) के माध्यम से की जाएगी, जबकि ग्रुप सी और डी के तहत आने वाले पदों को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) के माध्यम से भरा जाएगा। इस कदम से न केवल नगर निगम कर्मचारियों और अन्य सरकारी विभागों के कर्मचारियों के बीच समानता सुनिश्चित होगी बल्कि पदोन्नति में आरक्षण सहित सरकारी निर्देशों को लागू करने में भी आसानी होगी। 

वर्तमान में, राज्य के 87 नगर पालिकाओं में 31,533 स्वीकृत पद हैं, जिनमें 11 नगर निगम, 23 नगर परिषद और 53 नगर समितियां शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 में राज्य सरकार ने नगर निगमों में 6000 रुपये या उससे अधिक ग्रेड पे वाले पदों को ही ग्रुप ए पद घोषित किया था।