वर्ष 2025-26 में महिला एवं बाल विकास विभाग के लिए बजट में 36.1 प्रतिशत की गई वृद्धि
60 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि से किशोरी योजना को सभी जिलों में किया जाएगा लागू
5 Dariya News
चंडीगढ़ 17-Mar-2025
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वित्त मंत्री के रूप में आज हरियाणा विधानसभा में बजट प्रस्तुत करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग के लिए वर्ष 2025-26 में 1372.10 करोड़ रूपये बजट का आवंटन किया, जो पिछले वर्ष 2024-25 के संशोधित अनुमान 1008.44 करोड़ रुपये से 36.1 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री नायब सिंह सैनी ने अपने बजट अभिभाषण में सदन को अवगत करवाया कि साल 2025-26 में कुपोषण के लिए 12 करोड़ रूपये की अतिरिक्त धनराशि खर्च करके 80 हजार कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार किये जाने का लक्ष्य रखा गया। वहीं भारत सरकार द्वारा नूहं जिले में लड़कियों के लिए किशोरी योजना चलाई जा रही है। इस योजना को 60 करोड़ रूपये की अतिरिक्त धनराशि से सभी 22 जिलों में लागू किये जाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
श्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि कामकाजी महिलाओं के लिए पंचकूला, पानीपत, सोनीपत, रेवाड़ी, फरीदाबाद और गुरूग्राम में महिला छात्रावास बनाए जाने और व्यापार में महिलाओं को मौका दिये जाने के लिए सरकारी संस्थानों, पंचायतों, शहरी निकाय, शैक्षिणिक संस्थानों व अन्य किसी भी सरकारी भवन में चल रही कैंटिनों के एक तिहाई टेंडर महिला स्वंय सहायता समूहों को प्राथमिकता के आधार पर अलॉट किये जाने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने अपने बजट अभिभाषण में बताया कि 2000 आंगनवाडी केंद्रों को 81.63 करोड़ रूपये की धनराशि से चरणबद्ध तरीके से प्ले स्कूल में परिवर्तित करने व 2000 आंगनवाडी केंद्रों को सक्षम आगंनवाडी केंद्रों में परिवर्तित करने का भी लक्ष्यरखा गया है।