5 Dariya News

संजय टंडन ने मलोया और भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं के संग खेली होली

5 Dariya News

चंडीगढ़ 13-Mar-2025

हमारे देश में  मनाए जाने वाले त्योहारों में होली का विशेष महत्व है। इसे भारत में रंगों के त्योहार या उल्लास के त्योहार के रूप में जाना जाता है। यह ना केवल रंगों और उल्लास का पर्व है, बल्कि सामाजिक समरसता, प्रेम, भाईचारे और बुराई पर अच्छाई की जीत का भी प्रतीक है।

ये बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य और हिमाचल प्रदेश भाजपा के  सह प्रभारी संजय टंडन ने मलोया में उत्तर प्रदेश वेलफेयर एसोसिएशन के तरफ से होली मिलन समारोह  के दौरान कही। इस से पूर्व टंडन  ने भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के प्रदेश कार्यालय में आयोजित होली मिलन समारोह में  भाग लिया और वहां पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा सहित पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ रंगों की होली का खूब लुत्फ़ उठाया और सभी को बधाई प्रदान की।

होली के त्यौहार पर सभी देशवासियों को बधाई प्रदान करते हुए उन्होंने कहा कि  होली का यह पर्व ना सिर्फ पूरे भारत में, बल्कि विश्व के कई अन्य देशों में भी धूमधाम से मनाया जाने वाला त्योहार है। भारत के अलग-अलग क्षेत्रों में इसे विभिन्न नामों से जाना जाता है, जैसे कि उत्तर भारत में इसे होली, पश्चिम बंगाल में ‘डोल पूर्णिमा’, महाराष्ट्र में ‘शिमगा’ और दक्षिण भारत में ‘कामदहन’ के रूप में मनाया जाता है। 

कई क्षेत्रों में तो फूलों के संग, लठमार होली, लड्डूमार होली  गुलाल होली का आयोजन किया जाता है जिसमे स्थानीय लोग बड़े उत्साह से इसमें भाग लेते हैं इस दिन लोग पुराने गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाते हैं, मिठाई बांटते हैं और खुशी मनाते हैं। जाति, धर्म, वर्ग, अमीरी-गरीबी जैसी दीवारें टूट जाती हैं और हर कोई समान रूप से इस त्योहार का आनंद लेते हैं।

उन्होंने कहा कि हम सभी को भी आपसी मन मुटाव भुला कर एक दुसरे के साथ मिलकर होली खेलनी चाहिए और सभी को इसमें शामिल कर इस त्यौहार को बड़ी धूमधाम से मनाना चाहिए।  इस अवसर पर श्रवण मिश्रा, राहुल द्विवेदी बी यसचतुर्वेदी सुरेश कुमार संजीव वर्मा नारायण प्रसाद हरिशंकर मिश्रा नरेश अरोड़ा  सज्जू यादव सुमन राणा आदि कॉलोनी के निवासी उपस्थित थे।