5 Dariya News

पंजाब की महिला हेल्पलाइन 181: संकटग्रस्त महिलाओं के लिए जीवन रेखा

कहा, जरूरतमंद महिलाओं द्वारा हेल्पलाइन पर संपर्क करने पर विभाग की ओर से की जाती है तुरंत कार्रवाई

5 Dariya News

चंडीगढ़ 03-Mar-2025

पंजाब के सामाजिक सुरक्षा, महिला और बाल विकास विभाग द्वारा राज्य की जरूरतमंद महिलाओं को तुरंत और आपातकालीन सहायता प्रदान करने के लिए महिला हेल्पलाइन 181 योजना चलाई जा रही है। यह हेल्पलाइन राज्य की महिलाओं के लिए वरदान साबित हो रही है।

सामाजिक सुरक्षा, महिला और बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा जरूरतमंद महिलाओं को त्वरित और आपातकालीन सहायता देने के लिए महिला हेल्पलाइन 181 योजना एक बेहतरीन पहल है, जिसका उद्देश्य हिंसा से प्रभावित महिलाओं को 24 घंटे तुरंत ओर इमरजेंसी सहायता प्रदान करना है। 

उन्होंने बताया कि कोई भी जरूरतमंद महिला, जो किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न का शिकार हो रही है, वह महिला हेल्पलाइन 181 पर फोन करके सहायता मांग सकती है। कैबिनेट मंत्री ने आगे बताया कि महिला हेल्पलाइन पर रोजाना लगभग 150 जरूरतमंद महिलाओं के फोन कॉल आते हैं। 

उन्होंने बताया कि हर महीने लगभग 4 से 5 हजार महिलाओं को इस हेल्पलाइन के माध्यम से आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है। मंत्री ने कहा कि कोई भी जरूरतमंद महिला, जिसे अन्याय या हिंसा का सामना करना पड़ रहा है, वह पंजाब के किसी भी कोने से इस हेल्पलाइन पर फोन करके मदद मांग सकती है। 

महिलाओं को राज्य में स्थापित वन स्टॉप सेंटरों और विभाग के अधीन चल रहे कार्यालयों के माध्यम से तुरंत सहायता प्रदान करने के लिए कार्रवाई की जाती है। भविष्य में इस योजना का और विस्तार किया जाएगा और जिलों में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए स्थापित की गई नई शाखाओं, जिन्हें "जिला हब" नाम दिया गया है, से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार महिलाओं के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।