केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने उत्तरी क्षेत्र में खेल अवसंरचना के विकास पर चंडीगढ़ में बैठक की अध्यक्षता की
5 Dariya News
चंडीगढ़ 22-Feb-2025
केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने पंजाब सरकार, केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ और भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) क्षेत्रीय केंद्र चंडीगढ़ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इसमें उत्तरी क्षेत्र में खेल बुनियादी ढांचे के विकास पर चर्चा और रणनीति बनाई गई।
भारत के खेल इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता पर बल देते हुए, डॉ. मांडविया ने कहा, "प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में, खेलो इंडिया, फिट इंडिया और टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स) जैसी पहल देश के खेल परिदृश्य को बदल रही हैं। हमारा लक्ष्य एक मजबूत बुनियादी ढाँचा बनाना है जो युवा प्रतिभाओं को बढ़ावा दे और शीर्ष स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम बनाए।
खेल केवल पदक जीतने के बारे में नहीं है - यह हमारे युवाओं में अनुशासन, दृढ़ता और राष्ट्रीय गौरव जागृत करता है और उन्हें मैदान पर तथा बाहर दोनों जगह चैंपियन बनाता है।"केंद्रीय मंत्री ने बैठक के बाद कबड्डी, हैंडबॉल, जूडो, मुक्केबाजी, कयाकिंग और कैनोइंग जैसे खेलों में 30 उत्कृष्ट एथलीटों को सम्मानित किया।
हाल ही में संपन्न 38वें राष्ट्रीय खेलों सहित विभिन्न राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले ये एथलीट छह एसएआई प्रशिक्षण केंद्रों (एसटीसी), दो राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों (एनसीओई) और एसएआई आरसी चंडीगढ़ के अंतर्गत दो विस्तार केंद्रों में प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं।डॉ. मांडविया ने एथलीटों को प्रोत्साहित करते हुए, देश के वैश्विक खेल कद को बढ़ाने की उनकी क्षमता पर अपना विश्वास व्यक्त किया।
भारत खेल महाशक्ति बनने की दिशा में एक परिवर्तनकारी यात्रा पर है। 2047 तक, जब हम स्वतंत्रता के 100 वर्ष मनाएंगे, मैं एक ऐसे राष्ट्र की कल्पना करता हूं जहां हमारे एथलीट विश्व मंच पर छाए रहेंगे और हर प्रदर्शन के साथ तिरंगे को गौरवान्वित करेंगे।"डॉ. मांडविया ने वर्तमान खेल सुविधाओं की समीक्षा करने और क्षेत्र में युवा खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध बुनियादी ढांचे का आकलन करने के लिए एसएआई आर सी चंडीगढ़ का भी दौरा किया।
उत्तर भारत के सबसे बड़े क्षेत्रीय केंद्र के रूप में, आर सी चंडीगढ़ पंजाब, हिमाचल प्रदेश और केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू और कश्मीर, चंडीगढ़ और लद्दाख में खेलों के विकास की देखरेख करता है।वर्तमान में 152 खेलो इंडिया केंद्र (केआईसी), छह खेलो इंडिया राज्य उत्कृष्टता केंद्र (केआईएससीई) और 42 खेलो इंडिया मान्यता प्राप्त अकादमियां (केआईएए) एसएआई आरसी चंडीगढ़ के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। यह सामूहिक रूप से 2,400 से अधिक महत्वाकांक्षी एथलीटों को प्रशिक्षण देते हैं, जिनमें पुरुष और महिला दोनों शामिल हैं।