5 Dariya News

ट्रिप्पल इंजन की सरकार बनाकर तीन गुणा तेज गति से होगा प्रदेश का विकास : नायब सिंह सैनी

हरियाणा के हर शहर, हर गांव को विकास के पथ पर बढ़ाया जाएगा आगे

5 Dariya News

थानेसर (कुरुक्षेत्र) 22-Feb-2025

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ट्रिप्पल इंजन की सरकार बनने के बाद प्रदेश में तीन गुणा तेज गति के साथ विकास किया जाएगा। सरकार ने हर गांव, हर शहर को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने का काम किया, जिसके कारण ही प्रदेश के नागरिकों का सरकार पर भरोसा बढ़ा है और इसी की बदौलत जनता का निकाय चुनावों में भी आर्शीवाद मिलेगा।मुख्यमंत्री शनिवार को कुरुक्षेत्र के थानेसर में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थितजन को संबोधित कर रहे थे।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश और प्रदेश के लोगों ने देखा है कि डबल इंजन सरकार ने पूरे हरियाणा को विकास की ऊंचाईयों तक पहुंचाया और अब समय आ गया है तीसरे इंजन को जोडने का। नगर निकायों में भी जनता के आर्शीवाद से स्थानीय सरकार बनेगी। प्रदेश के लोग विपक्ष के झूठ को समझ चुके हैं और अब वे किसी के बहकावे और लालच में आने वाले नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा करने के उद्देश्य से काम कर रही है। इस प्रदेश के हर क्षेत्र का विकास हो और हर नागरिक का उत्थान हो, इस उद्देश्य को लेकर ही योजनाओं को अमलीजामा पहनाने का काम किया जा रहा है। सरकार ने आमजन की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान करने के लिए समाधान शिविर लगाने का काम किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अपने 100 दिन पूरा करने से पहले अनेकों छोटी और बडी योजनाओं को अमलीजामा पहनाकर नागरिकों को बडी राहत देने का काम किया। यह सरकार हर रोज विकास के मार्ग पर तेजी के साथ आगे बढ़ रही है।