सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में गोवा-डे के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित
5 Dariya News
फरीदाबाद 20-Feb-2025
मेले में गोवा के पर्यटन विकास निगम के तत्वावधान में गुरुवार को गोवा-डे मनाया गया। मुख्य चौपाल पर गोवा के कलाकारों ने लैंप डांस की सामूहिक प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। महाप्रबंधक ने अपने संबोधन में हरियाणा सरकार द्वारा अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला के भव्य आयोजन की सराहना की।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हरियाणा प्रदेश अपनी सांस्कृतिक विरासत के बलबूते दुनिया में अपनी पहचान कायम किए है ठीक उसी अनुरूप गोवा भी पर्यटन, कला और संस्कृति के साथ अपना प्रभुत्व कायम किए है। उन्होंने गोवा डे के उपलक्ष्य में गोवा वासियों सहित पूरे देश को शुभकामनाएं देते हुए गोवा का भ्रमण करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, पर्यटन एवं विरासत मंत्री डा.अरविंद कुमार शर्मा, पर्यटन निगम की प्रधान सचिव एवं मेला प्राधिकरण की वाइस चेयरपर्सन कला रामचंद्रन व निगम के प्रबंध निदेशक डा. सुनील कुमार और उनकी टीम को सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में गोवा पर्यटन को दिए गए सभी सहयोग और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय मेले में 44 देश और 600 से अधिक अंतरराष्ट्रीय कारीगर 1200 से अधिक स्टॉल के साथ भाग ले रहे हैं, जिससे यह वास्तव में दुनिया की सबसे बड़ी कला और शिल्प प्रदर्शनियों में से एक बन गई है।
इस अवसर पर सिंगापुर, मलेशिया, विदेश मंत्रालय के अधिकारीगण, गोवा पर्यटन विकास निगम के उपनिदेशक धीरज वागले, हरियाणा पर्यटन निगम के एजीएम हरविंद्र सिंह, एजीएम राजपाल सिंह, प्रबंधक सुनील शर्मा सहित गोवा और हरियाणा पर्यटन निगम के अधिकारीगण व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।