5 Dariya News

किसानों को खाद की कमी नहीं रहने देंगे : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

प्रदेश की सभी पैक्स में तुरंत खाद उपलब्ध करवाने के दिए गए निर्देश

5 Dariya News

चंडीगढ़ 14-Feb-2025

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की फ़सलों के लिए किसी भी क़ीमत पर खाद की कमी नहीं रहने देगी। आवश्यकता अनुसार पूरे प्रदेश के किसानों को खाद उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेशभर की सभी पैक्स में तुरंत यूरिया उपलब्ध करवाया जाए।

मुख्यमंत्री ने आज मीडिया में यूरिया और डीएपी की किल्लत से सम्बंधित ख़बरों पर स्वतः संज्ञान लेते हुए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में सभी जिलों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध करवाई जाए ताकि फसलों की पैदावार में प्रभाव न पड़े। मुख्यमंत्री के आदेशों का पालन करते हुए विभागीय अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है।

किसानों की अधिक जरूरत के अनुसार भी सभी पैक्स में यूरिया खाद उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके अतिरिक्त इफको व कृभको प्रबंधकों को भी सभी पैक्सों में मांग के अनुसार यूरिया खाद उपलब्ध करवाने बारे निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि उनके लिए किसान हित सर्वोपरि हैं, उनको खाद -बीज से लेकर फसलों के उचित भाव दिलाने के लिए राज्य सरकार  प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां सभी फसलों के दाने-दाने की खरीद एम.एस.पी. पर की जाती है। हमने किसानों को मंडी में अपनी फसल बेचने के लिए ई-खरीद एप्लीकेशन द्वारा घर बैठे ई-गेट पास बनाने की सुविधा दी है। श्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश सरकार की किसानों के हित में प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि वे ख़ुद किसान हैं इसलिए किसान का दर्द और जरुरत अच्छे से समझते हैं। वे किसान के खून -पसीने की कमाई को व्यर्थ नहीं जाने देंगे। किसानों के लिए उनके दरवाजे हमेशा खुले हैं।