5 Dariya News

प्राजक्ता कोली ने सीजीसी झंजेरी में 'साहित्यम 2025' साहित्य महोत्सव में जीवन और लेखन पर अंतर्दृष्टि साझा की

5 Dariya News

मोहाली 04-Feb-2025

चंडीगढ़ ग्रुप ऑफ कॉलेजेज़  झंजेड़ी, मोहाली के  प्रतिष्ठित साहित्य महोत्सव 'साहित्यम् 2025' में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध लेखिका, डिजिटल क्रिएटर और युवाओं की प्रिय प्राजक्ता कोली की मेज़बानी की। अपनी आकर्षक लेखन शैली और करिश्माई व्यक्तित्व के लिए जानी जाने वाली प्राजक्ता ने  जीवन और अपनी पहली रोमांटिक नॉवेल 'टू गुड टू बी ट्रू' में व्यक्त गहन विचारों पर चर्चा कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस दौरान छात्रों और दर्शकों के साथ एक संवादात्मक सत्र के दौरान, प्राजक्ता ने अपनी लेखन यात्रा और डिजिटल दुनिया में अपने अनुभवों को साझा किया। उन्होंने आधुनिक रिश्तों की जटिलताओं, आत्म-जागरूकता और कल्पना तथा यथार्थ के बीच संतुलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार रखे, जो नई पीढ़ी के लिए बेहद प्रेरणादायक साबित हुए।

प्राजक्ता कोली ने लेखन के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि कहानी कहना आत्म-अभिव्यक्ति और व्यक्तिगत विकास का एक शक्तिशाली माध्यम है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित किया कि वे साहित्य को अपने विचारों और दृष्टिकोणों को साझा करने के माध्यम के रूप में अपनाएं। 

उनकी उपस्थिति ने उभरते लेखकों के बीच नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया और समाज में पुस्तकों की अहमियत को और भी सुदृढ़ किया। इस अवसर पर  सी जी सी मोहाली के प्रबंध निदेशक अर्श धालीवाल ने कहा कि 'साहित्यम् 2025' एक प्रमुख साहित्यिक मंच बन चुका है, जो प्रख्यात लेखकों, जागरूक पाठकों और उभरते साहित्यकारों को एक साथ लाकर रचनात्मकता का उत्सव मनाता है।