मेयर चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वालों की होगी गहन जांच : डॉ. एस.एस. आहलूवालिया
भाजपा देश भर में विपक्षी दलों के लोगों को डरा-धमकाकर और लालच देकर वोट हासिल करती है
5 Dariya News
चंडीगढ़ 30-Jan-2025
चंडीगढ़ नगर निगम में आज हुए मेयर चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की मेयर पद की उम्मीदवार पार्षद प्रेम लता को सांसद मनीष तिवारी समेत आप और कांग्रेस पार्षदों द्वारा डाले गए 20 में से 17 वोट मिले। इनमें से 3 वोट भाजपा उम्मीदवार को मिले। 3 वोट क्रॉस होने पर आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के सह-प्रभारी और पंजाब जल आपूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड के चेयरमैन डॉ. एस.एस. आहलूवालिया ने कहा कि इसकी गहराई से जांच की जाएगी और वोट क्रॉस करने वालों की पहचान की जाएगी।
डॉ. आहलूवालिया ने कहा कि भाजपा पूरे देश में वोट हासिल करने के लिए विपक्षी दलों के लोगों को धमकाने और लालच देने के लिए जानी जाती है। जिसके कई उदाहरण हाल के दिनों में देश भर में सामने आए हैं। इसका एक उदाहरण आज चंडीगढ़ में देखने को मिला।
उन्होंने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी क्रॉस वोटिंग करने वाले पार्षदों का मुद्दा चंडीगढ़ की जनता के बीच लेकर जाएगी और उनकी राय लेगी कि कैसे देश भर में भाजपा द्वारा की जा रही इस गंदी राजनीति से लोगों को निजात दिलाई जाए और शहरवासियों को साफ़ और अच्छी व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।
डॉ. आहलूवालिया ने आगे कहा कि मेयर चुनाव के दौरान जिन पार्षदों ने क्रॉस वोट किया, उनकी सच्चाई जनता के सामने लाई जाएगी। जो पार्षदों अपनी दोस्ती निभाने के लिए पार्टी का साथ नहीं देते और क्रॉस वोटिंग करते हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में कोई पार्षद क्रॉस वोटिंग करने की कोशिश न करे।