मेयर के खिलाफ पुलिस में की गई शिकायत झूठ का पुलिंदा है : डॉ. एसएस आहलूवालिया
जहां भी भाजपा चुनाव हारती है, वह ऐसी झूठी शिकायतों का सहारा लेती है
5 Dariya News
चंडीगढ़ 29-Jan-2025
कल, चंडीगढ़ के मेयर कुलदीप कुमार के खिलाफ चंडीगढ़ पुलिस को रामदरबार निवासी द्वारा नौकरी के बदले पैसे लेने की शिकायत को आम आदमी पार्टी (आप) चंडीगढ़ के सह-प्रभारी और पंजाब जल आपूर्ति और सीवरेज बोर्ड के चेयरमैन डॉ. एसएस आहलूवालिया ने झूठ का पुलिंदा बताया। डॉ. आहलूवालिया ने कहा कि भाजपा जहां भी चुनाव हारती है, वहां इस तरह की झूठी शिकायतें करके लोकतंत्र को ख़तम करती है और ईमानदार लोगों पर दबाव बनाकर उनकी आवाज दबाने की कोशिश करती है।
आम आदमी पार्टी और उसके पार्षद ऐसी झूठी शिकायतों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी ईमानदार लोगों की पार्टी है, जो सभी चुनावों को उत्सव की तरह मनाती है और पूरे उत्साह के साथ उनमें भाग लेती है।नगर निगम के मेयर चुनाव में भाजपा को करारी हार सामने नज़र आ रही है, जिसके चलते भाजपा इस तरह की झूठी शिकायतों के माध्यम से चंडीगढ़ के ईमानदार अधिकारियों पर दबाव बना कर उनका उत्साह कम करने का असफल प्रयास कर रही है।
डॉ. आहलूवालिया ने कहा कि पिछले साल भी चंडीगढ़ नगर निगम मेयर चुनाव के दौरान भाजपा ने मेयर कुलदीप कुमार, आप नेता हरजिंदर बावा और उनके खिलाफ एक पार्षद के अपहरण की शिकायत दर्ज करवाकर दबाव बनाने की कोशिश की थी, जो बाद में झूठी साबित हुई थी। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष मेयर चुनाव के दौरान भाजपा ने अपने मनोनीत पार्षद एवं पीठासीन अधिकारी अनिल मसीह के माध्यम से मेयर कुलदीप कुमार के 8 वोटों को रदद करवाकर चंडीगढ़ को पूरी दुनिया में बदनाम करवाया था।
इस साल भी भाजपा एक बार फिर ऐसी झूठी शिकायतें करके चंडीगढ़ को बदनाम करने की कोशिश कर रही है, लेकिन आम आदमी पार्टी भाजपा को उसके नापाक मंसूबों में कामयाब नहीं होने देगी।