5 Dariya News

द्रौपदी मुर्मू ने राजकीय यात्रा पर इंडोनेशियाई राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो का स्वागत किया

गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति सुबिआंतो की उपस्थिति हमारे दीर्घकालिक संबंधों का प्रतिबिंब : द्रौपदी मुर्मु

5 Dariya News

नई दिल्ली 25-Jan-2025

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने इंडोनेशिया गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम श्री प्रबोवो सुबियांतो का आज (25 जनवरी, 2025) राष्ट्रपति भवन में स्वागत किया। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने उनके सम्मान में भोज का भी आयोजन किया। भारत की उनकी पहली राजकीय यात्रा पर राष्ट्रपति सुबियांतो का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया के बीच सभ्यतागत संबंध हजारों साल पुराने हैं। 

उन्होंने कहा कि बहुलवाद, समावेशिता और कानून के शासन के मूल्य दोनों देशों के लिए समान हैं और इन साझा मूल्यों ने हमारे समकालीन संबंधों को दिशा दी है। राष्ट्रपति ने हमारे गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण स्वीकार करने के लिए राष्ट्रपति सुबिआंतो को धन्यवाद दिया। 

राष्ट्रपति ने कहा कि यह ऐतिहासिक अवसर है, क्योंकि 75 साल पहले 1950 में हमारे पहले गणतंत्र दिवस पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति सुकर्णो मुख्य अतिथि थे। यह हमारे दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों और मजबूत लोकतांत्रिक परंपरा का प्रतिबिंब है। 

राष्ट्रपति ने भारत और इंडोनेशिया के बीच सहस्राब्दी पुराने सभ्यतागत संबंधों को भी याद किया, जिसमें ओडिशा में मनाई गई 'बाली यात्रा' भी शामिल है, जो प्राचीन काल में भारतीय नाविकों और व्यापारियों द्वारा भारत से बाली और हिंद-प्रशांत के अन्य क्षेत्रों तक की गई यात्राओं की याद दिलाती है।

राष्ट्रपति ने कहा कि समकालीन समय में, हमारे विशाल उभरते बाजार, भौगोलिक निकटता और आर्थिक संरचनाओं में समानताएं द्विपक्षीय व्यापार और निवेश के विस्तार की अपार संभावनाएं प्रदान करती हैं। राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि रक्षा और अंतरिक्ष सहयोग हमारे द्विपक्षीय संबंधों के प्रमुख तत्वों के रूप में उभर रहे हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि इंडोनेशिया भारत की 'एक्ट ईस्ट' नीति और इंडो-पैसिफिक विजन का प्रमुख स्तंभ है। राष्ट्रपति ने कहा कि ग्लोबल साउथ के अग्रणी सदस्यों के रूप में, भारत और इंडोनेशिया जी-20 और आसियान के माध्यम से विभिन्न बहुपक्षीय मंचों पर निकटता से सहयोग करते हैं। 

उन्होंने ब्रिक्स में स्थायी सदस्य के रूप में शामिल होने के लिए इंडोनेशिया को बधाई भी दी। दोनों नेता इस बात पर सहमत हुए कि व्यापक रणनीतिक साझेदार के रूप में भारत और इंडोनेशिया कई नए क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा रहे हैं, जो इस यात्रा से और मजबूत होगा।