5 Dariya News

वाइस एडमिरल समीर सक्सेना ने विशाखापत्तनम से अयोध्या तक 'डेयर स्क्वायर' मोटरसाइकिल अभियान को हरी झंडी दिखाई

यह अभियान आईएनएस रणविजय की 37वीं वर्षगांठ के समारोह का अंग है

5 Dariya News

विशाखापत्तनम 13-Jan-2025

वाइस एडमिरल समीर सक्सेना, चीफ ऑफ स्टाफ, मुख्यालय, पूर्वी नौसेना कमान ने 13 जनवरी 2025 को विशाखापत्तनम से अयोध्या तक मोटरसाइकिल अभियान 'डेयर स्क्वायर' को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग ईस्टर्न फ्लीट, आर एडमिरल सुशील मेनन भी उपस्थित थे। 

इस अभियान को रवाना करने से पूर्व, चीफ ऑफ स्टाफ ने रैली के प्रतिभागियों को सभी सड़क सुरक्षा उपायों का पालन करने और जिम्मेदारी से गाड़ी चलाने के लिए प्रेरित किया। यह रैली आईएनएस रणविजय द्वारा मेसर्स बजाज पल्सर के सहयोग से आयोजित की जा रही है। 

यह रैली ओडिशा, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश राज्यों से होकर गुजरेगी और इसका समापन डोगरा रेजिमेंटल सेंटर, अयोध्या में होगा। आईएनएस रणविजय की 37वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में की जा रही यह पहल भारतीय सेना की डोगरा रेजिमेंट के साथ मजबूत संबंध को बढ़ावा देती है और संयुक्त कौशल की भावना को दर्शाती है।

इस अभियान का उद्देश्य नौसेना प्रमुख के 'मानसिक स्वास्थ्य और सेहत' के संदेश पर अमल करना भी है। यह पहल व्यक्तियों के मानसिक स्‍वास्‍थ्‍य और उदार भाव को प्राथमिकता देने के लिए प्रोत्साहित करती है। यह रैली स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता अभियान के माध्यम से भारत की गौरवशाली समुद्री विरासत को प्रदर्शित करेगी, जिससे युवा सोच का विस्तार होगा। 

रोमांच की भावना को बढ़ावा देने, टीमवर्क और सौहार्द के मूल्यों पर बल देने के अलावा, यह रैली सड़क सुरक्षा जागरूकता पर जोर देते हुए जिम्मेदारी से ड्राइविंग के संदेश को भी दोहराती है।