किरेन रिजिजू ने 34वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता 2023-24 के विजेताओं को पुरस्कृत किया
किरेन रिजिजू पर्यावरण की रक्षा के लिए "लाइफ प्रतिज्ञा" भी दिलाई
5 Dariya News
नई दिल्ली 10-Jan-2025
केंद्रीय विद्यालयों के लिए 34वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता 2023-24 का पुरस्कार वितरण समारोह आज नई दिल्ली स्थित संसद भवन परिसर में संसद पुस्तकालय भवन के जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। संसदीय कार्य मंत्री (एमओपीए) एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री श्री किरेन रिजिजू ने इस समारोह की अध्यक्षता की और प्रतियोगिता में सराहनीय प्रदर्शन के लिए पुरस्कार विजेता विद्यार्थियों तथा विद्यालयों को पुरस्कार वितरित किए।
केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ एक संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया। श्री किरेन रिजिजू ने विद्यार्थियों के साथ बातचीत करते हुए यह आह्वान किया कि युवा पीढ़ी को लोकतांत्रिक मूल्यों एवं प्रजातंत्र की नैतिकता को सीखना तथा उन्हें अपनाना चाहिए और दुनिया के इस सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश में सद्भाव व परंपरा को बढ़ावा देने के लिए स्वयं को समर्पित करना चाहिए।
उन्होंने समारोह में उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण की रक्षा के लिए "लाइफ प्रतिज्ञा" भी दिलाई। संसदीय कार्य मंत्रालय के सचिव श्री उमंग नरूला ने 34वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता 2023-24 के पुरस्कार वितरण समारोह में भाग लेने वाले सभी विद्यालयों के गणमान्य व्यक्तियों एवं विद्यार्थियों का स्वागत किया।
सचिव ने अपने स्वागत भाषण में विद्यार्थियों को संसदीय कार्यवाही की कार्य प्रणालियों और प्रक्रिया को विकसित करने तथा लोकप्रिय बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। केन्द्रीय विद्यालय संगठन के संयुक्त आयुक्त (शैक्षणिक) डॉ. पी. देवकुमार ने कहा है कि राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता हमारे युवाओं को लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए हमारे महान लोकतांत्रिक मूल्यों और परंपराओं से अवगत कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस अवसर पर, केंद्रीय विद्यालयों के लिए 34वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता 2023-24 में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, आईआईटी, खड़गपुर, (कोलकाता क्षेत्र, पूर्वी क्षेत्र) के छात्रों ने एक ऊर्जावान कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
उनकी "युवा संसद" को सम्मानित सभा द्वारा बहुत सराहा गया। संसदीय कार्य मंत्रालय पिछले कई वर्षों से केंद्रीय विद्यालयों के लिए युवा संसद प्रतियोगिताओं का आयोजन करता रहा है। केंद्रीय विद्यालयों के लिए युवा संसद प्रतियोगिता की योजना के अंतर्गत श्रृंखला की 34वीं प्रतियोगिता केंद्रीय विद्यालय संगठन के 25 क्षेत्रों में फैले 150 केंद्रीय विद्यालयों के बीच आयोजित की गई थी।
युवा संसद योजना देश भर के केंद्रीय विद्यालयों के युवाओं को उनकी वाक्पटुता, आलोचनात्मक सोच और नेतृत्व कौशल का प्रदर्शन करने के लिए एकत्रित होने का अवसर प्रदान करती है। इसके अलावा, यह योजना विद्यार्थियों को संसद की कार्य प्रणाली और प्रक्रियाओं व चर्चा एवं बहस के तौर-तरीकों से भी परिचित कराती है।
युवा संसद युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व की गुणवत्ता और प्रभावी वक्तृत्व की कला एवं कौशल विकसित करती है। यह प्रतिष्ठित कार्यक्रम केंद्रीय विद्यालयों के कुछ प्रतिभाशाली और सबसे मुखर छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एवं वैश्विक महत्व के मामलों पर उत्साही बहस में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करेगा।
समारोह में, केंद्रीय मंत्री द्वारा 34वीं प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए "नेहरू रनिंग शील्ड" और ट्रॉफी पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, आईआईटी, खड़गपुर, (कोलकाता क्षेत्र, पूर्वी क्षेत्र) को प्रदान की गई। अपर सचिव डॉ सत्य प्रकाश ने मंत्री, अधिकारियों और समारोह में शामिल सभी एजेंसियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने यह भी कहा कि हमारे युवाओं को 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।