5 Dariya News

निमृत कौर अहलूवालिया की डेब्यू फिल्म शौकी सरदार की रिलीज़ डेट घोषित

2025 में बड़े पर्दे पर नज़र आएंगी अभिनेत्री

5 Dariya News

मुंबई 07-Jan-2025

बहुप्रतीक्षित पंजाबी फिल्म शौकी सरदार 16 मई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है। यह फिल्म लोकप्रिय अभिनेत्री निमृत कौर अहलूवालिया का बॉलीवुड डेब्यू भी है। टेलीविज़न और रियलिटी शोज़ में अपनी पहचान बनाने वाली निमृत ने सोशल मीडिया पर इस खबर को फिल्म के पोस्टर के साथ साझा किया।  

शौंकी सरदार में पंजाबी सुपरस्टार गुरु रंधावा और दिग्गज सिंगर-अभिनेता बब्बू मान मुख्य भूमिकाओं में नज़र आएंगे। इन दोनों के साथ निमृत भी स्क्रीन शेयर करती दिखेंगी। फिल्म का निर्देशन धीरज केदारनाथ रत्तन ने किया है और यह पंजाब की संस्कृति, मूल्यों और जज़्बे को दर्शाने वाली एक दमदार कहानी पेश करने का वादा करती है।

अपनी उत्सुकता ज़ाहिर करते हुए निमृत ने कहा, "यह मेरे लिए एक बेहद खास पल है क्योंकि मैं अपनी डेब्यू फिल्म शौंकी सरदार की रिलीज़ डेट की घोषणा कर रही हूं। यह फिल्म 16 मई 2025 को रिलीज़ हो रही है, और मैं इस खबर को आप सभी के साथ साझा करते हुए बहुत खुश हूं। इस प्रोजेक्ट पर काम करना मेरे लिए सीखने, बढ़ने और आभार व्यक्त करने की एक यात्रा रही है। 

गुरु रंधावा और बब्बू मान जैसे दिग्गजों के साथ स्क्रीन साझा करना अविश्वसनीय अनुभव रहा—उन दोनों ने सेट पर बहुत ऊर्जा और प्रेरणा दी। शौंकी सरदार मेरे लिए और भी खास है क्योंकि यह फिल्म पंजाबी संस्कृति और परंपराओं को गहराई से दर्शाती है। यह एक ऐसी कहानी है जो मेरे दिल के करीब है और मुझे यकीन है कि दर्शक इससे भावनात्मक रूप से जुड़ेंगे। 

मैं बेसब्री से इंतज़ार कर रही हूं कि आप सभी इस प्यार भरी मेहनत को सिनेमाघरों में देखें। अपने कैलेंडर में डेट नोट कर लें, और उम्मीद करती हूं कि आप वहां ज़रूर आएंगे!" निमृत द्वारा जारी किए गए पोस्टर ने फिल्म की सांस्कृतिक गहराई और दिलचस्प कहानी को बखूबी दिखाया है, जिससे प्रशंसक इसकी रिलीज़ का बेसब्री से इंतेज़ार कर रहे हैं।