5 Dariya News

भगवंत सिंह मान ने गुरुद्वारा भट्ठा साहिब में माथा टेका

संगत को श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व की बधाई दी

5 Dariya News

भट्ठा साहिब (रोपड़) 06-Jan-2025

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज दसवें पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के मौके पर गुरु साहिब की ओर से दिखाए मार्ग पर चलते हुए नए जोश, लगन, समर्पण और वचनबद्धता के साथ राज्य की सेवा करने का प्रण लिया। आज यहां रोपड़ के गुरुद्वारा भट्ठा साहिब में माथा टेकने के उपरांत मुख्यमंत्री ने दसवें पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के पवित्र मौके पर लोगों को बधाई दी। 

उन्होंने कहा कि महान सिख गुरु ने हमें जुल्म और अन्याय के खिलाफ लड़ने का उपदेश दिया था। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस पवित्र दिन पर हमें सभी को लोगों की सेवा के लिए अपनी जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी, लगन और तनदेही के साथ निभाने का संकल्प लेना चाहिए। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का महान जीवन और दर्शन मानवता को एकजुट होकर रहने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी का शांति, मानवता, प्यार और आपसी भाईचारे का संदेश आज के समय में और भी प्रासंगिक हो जाता है।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार श्री गुरु गोबिंद सिंह जी द्वारा दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज के हर वर्ग की भलाई को सुनिश्चित कर रही है। मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा साहिब में माथा टेका और राज्य की शांति, प्रगति और खुशहाली के लिए परमात्मा के आगे अरदास की।

उन्होंने यह भी अरदास की कि राज्य में सांप्रदायिक सद्भावना, शांति और भाईचारे की डोर दिन-ब-दिन और मजबूत हो और पंजाब हर क्षेत्र में देश का नेतृत्व करे। भगवंत सिंह मान ने लोगों से इस पवित्र दिन को जाति, रंग, नस्ल और धर्म के भेदभाव से ऊपर उठकर श्रद्धा भावना और तनदेही के साथ मनाने का आह्वान किया।