5 Dariya News

डॉ. विवेक जोशी ने हरियाणा मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (प्रशासन) नीति की अधिसूचना जारी की

नीति का उद्देश्य उन्नत मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली के माध्यम से राज्य सरकार के कर्मचारियों के प्रबंधन दक्षता में सुधार करना है

5 Dariya News

चंडीगढ़ 03-Jan-2025

हरियाणा के मुख्य सचिव डॉ. विवेक जोशी ने आज हरियाणा मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (प्रशासन) नीति की अधिसूचना जारी की। इस नीति का उद्देश्य उन्नत मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (ई-एचआरएमएस 2.0) के माध्यम से राज्य सरकार के कर्मचारियों के प्रबंधन और दक्षता में उल्लेखनीय सुधार करना है। हरियाणा मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (प्रशासन) नीति तुरंत प्रभाव से लागू की गई है।

यह नीति सरकारी संसाधनों के अधिकतम उपयोग को सुनिश्चित करते हुए कर्मचारियों के प्लेसमेंट, स्थानांतरण और पोस्टिंग के प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए डिज़ाइन की गई है। आवश्यकता अनुसार, यह नीति कर्मचारियों से सम्बंधित डेटा को अपडेट रखेगी, जिससे त्वरित और सटीक निर्णय लेने में सुविधा होगी।  नीति का उद्देश्य किसी भी विभाग या संगठन के लिए स्वीकृत पदों के सृजन और परिवर्तन की प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से प्रबंधित करना है। 

साथ ही, उस विभाग या संगठन के तहत विभिन्न कार्यात्मक कार्यालयों को व्यवस्थित करना है। इस नीति का उद्देश्य समय-समय पर जनहित में आवश्यकतानुसार राज्य सरकार के नियमित रूप से भर्ती किए गए तथा संविदा कर्मचारियों दोनों ही प्रकार के अधिकारियों की नियुक्ति, स्थानांतरण और तैनाती का प्रबंधन करना है।

उल्लेखनीय है कि गत 28 दिसंबर को हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में  हुई मंत्रिमंडल की बैठक में हरियाणा मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (प्रशासन)  2024 नीति को मंजूरी दी गई थी।