देश के पहले सिख प्रधानमंत्री को राजघाट पर जगह न देकर किया अपमान – गुरजीत सिंह औजला
5 Dariya News
अमृतसर 28-Dec-2024
देश के पूर्व प्रधानमंत्री और पहले सिख प्रधानमंत्री डा.मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार राजघाट पर ना करके केंद्र सरकार ने उनका अपमान किया है। सांसद गुरजीत सिंह औजला ने इसकी कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इससे ना केवल डा.मनमोहन सिंह का अपमान हुआ है बल्कि सिखों के प्रति भी बीजेपी की भावनाएं जाहिर हुई हैं।
सांसद गुरजीत सिंह औजला ने पूर्व प्रधानमंत्री डा.मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार को निगमबोध पर करने की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि डा.मनमोहन सिंह वह प्रधानमंत्री थे जिन्होंने देश की डूबती अर्थव्यवस्था को पार लगाया था। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा भी उनकी सूझ बूझ का लोहा मानते थे और उन्हें अपना गुरु मानते थे।
डा.मनमोहन सिंह ने देश को उन बुलंदियों पर पहुंचाया था जहां आम इंसान सोच भी नहीं सकता। 1991 के पहले के भारत और उसके बाद के भारत में जमीन आसमान का फर्क है जिसका सारा श्रेय डा.मनमोहन सिंह को जाता है। ऐसी महान शख्सियत जिन्हें पूरी दुनियां में लोग बेहद सम्मानीय निगाहों से देखते थे और हैं उनके साथ अपने ही देश में धोखा किया गया है।
दस साल तक देश की बागडोर संभालने वाले देश के प्रधानमंत्री को राजघाट पर जगह ना देकर बीजेपी ने साबित कर दिया है कि उनके मन में सिखों के प्रति बेहद नफरत है। उन्होंने कहा कि आज तक सभी प्रधानमंत्रियों का अंतिम संस्कार राजघाट पर किया गया लेकिन महान अर्थशास्त्री और देश के भले के लिए कठिन से कठिन फैसले लेने वाले डा.मनमोहन सिंह को निगमबोध पर ले जाकर बीजेपी ने अपने तानाशाह रवैए को भी दिखाया है।
उनका चेहरा लोगों के सामने नंगा हो गया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने हमेशा ही सिखों के साथ ऐसा व्यवहार किया है लेकिन आज उन्होंने देश के महान सपूत के साथ भी ऐसा व्यवहार करके सिखों के मन को ठेस पहुंचाई है।