गुरजीत सिंह औजला की जनता से अपील – वोट का प्रयोग जरुर करें, यही एक जरिया धक्केशाही के खिलाफ
आप सरकार की गुंडागर्दी के विरोध में सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस
5 Dariya News
अमृतसर 20-Dec-2024
सांसद गुरजीत सिंह औजला ने लोगों से अपील की है कि अपनी वोट का प्रयोग जरुर करें। यही एक जरिया धक्केशाही के खिलाफ है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर आम आदमी पार्टी गुंडागर्दी करेगी तो कांग्रेस उसके खिलाफ सड़कों पर उतरेगी। उन्होंने प्रशासन को भी चेतावनी दी कि वह बिना पक्षपात के चुनाव करवाएं और पंजाब के माहौल को खराब ना करें।
सांसद गुरजीत सिंह औजला ने आज प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि वह सरकार को और इलेक्शन कमीशन को आगाह करना चाहते हैं कि उनका फर्ज है निरपेक्ष चुनाव हो। उनका काम है चुनावों में सहयोग किया जाए और बाधा ना बना जाए।
उन्होंने कहा कि कल से ही कई स्थानों पर लोगों पर दवाब बनाया जा रहा है और लोगों को मजबूर किया जा रहा है कि वो वोटर्स तक ना पहुंचे। सांसद औजला ने कहा कि विधायक और मंत्री प्रशासन को मजबूर कर रहे हैं लेकिन वो कहना चाहते हैं कि प्रशासनिक अधिकार अपनी पोस्ट बचाने के लिए लोगों से साथ अन्याय ना करें।
उन्होंने कहा कि 9 नंबर वार्ड पर भी धक्का किया गया जहां पर्चिया बांट रहे लोगों को पुलिस थाने लेकर चली गई वहीं कई वार्डों पर यही शिकायत आ रही है। सांसद औजला ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनावों में बीएलओ की तरफ से पर्चियां बांटी जाती है लेकिन कार्पोरेशन चुनावों में वर्कर पर्चियां बांटते हैं लेकिन आप सरकार उन्ही वर्करों के साथ धक्का कर रही है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी हर जगह विज्ञापन लगाती है कि उन्होंने बहुत काम किया है जब काम किया है तो फिर उन्हें डरने की क्या जरुरत है। लोगों को वोट डालने दें तभी लोकतंत्र का सम्मान हो पाएगा। सांसद औजला ने कहा कि आप सरकार पहले से चुनाव करवाने के हक में नहीं थी।
पहले कई साल निकल गए फिर जब सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बाद चुनाव करवाए जा रहे हैं तो सरकार हर गलत हखकंडा अपना रही है। पहले लोगों के वार्ड बदल दिए गए। आज हालात यह है कि दो दिन से लोग अपनी वोट और बूथ ढूंढ रहे हैं और कई कई इलाकों की वोट अभी तक नहीं मिल सकी है।
यह सरासर धक्का है जो कि सरकार की मंशा को दर्शा रही है। उन्होंने कहा कि आप सरकार हमेशा दिल्ली में इन चीजों की शिकायत करती थी और अब पंजाब में खुद यह सब किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह चेतावनी देना चाहते हैं कि वह किसी भी कीमत पर पंजाब की शांति भंग नहीं होने देंगे।
वह सरकार को सख्त शब्दों में कहना चाहते हैं कि लोगों को आपस में ना लड़वाएं और शांतिपूर्वक चुनाव करवाएं अन्यथा वह चुप नहीं बैठेंगे और सरकार और प्रशासन के खिलाफ सड़कों पर रहेंगे।