गीता भारतीय संस्कृति का आधार है : साक्षी खुराना
5 Dariya News
कुरुक्षेत्र 10-Dec-2024
लाडवा नगर पालिका की चेयरमैन साक्षी खुराना ने कहा कि गीता हमें कर्म करने का संदेश देती है, गीता भारतीय दर्शन की जीवन पद्धति है। वे मंगलवार को लाडवा के हिन्दू हाई स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय गीता जयन्ती समारोह के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम संध्या में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रही थीं।
उन्होंने सबसे पहले श्रीमद् भगवद् गीता की पुस्तक पर पुष्प अर्पित किए और पूजा अर्चना की। साक्षी खुराना ने कहा कि पवित्र ग्रंथ गीता का उपदेश पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक है। गीता में दिए गए ज्ञान में मानव जीवन की हर समस्या का समाधान निहित है। गीता के श्लोकों का स्मरण करने से मन को शांति मिलती है और हमारे आध्यात्मिक ज्ञान में भी वृद्धि होती है।
उन्होंने लाडवा में पहली बार जिला स्तरीय गीता जयन्ती समारोह आयोजित होने पर सभी को बधाई दी और इसे गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि गीता भारतीय संस्कृति का आधार है और हिन्दू शास्त्रों में गीता को प्रमुख स्थान दिया गया है। गीता एक ऐसा सम्पूर्ण विचार है जो भारतीय संस्कृति की विरासत है। गीता सुख, शांति, समृद्धि और विकास का मूल मंत्र है।
गीता जीवन जीने की कला सिखाती है, और इसके उपदेश को जीवन में धारण करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। गीता एक संदेश है जो समाज को जीने की कला सिखाती है।इस कार्यक्रम के बाद उन्होंने स्कूल के प्रांगण में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस मौके पर आयोजन समिति द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह और शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के कार्यालय प्रभारी कैलाश सैनी, तहसीलदार नवम धानिया, एआईपीआरओ बलराम शर्मा, नायब तहसीलदार बलकार सिंह, बीईओ हरदीप कौर, आयोजन समिति के सदस्य प्रवेश कुमार, हिन्दू हाई स्कूल के चेयरमैन पवन गर्ग, गुरनाम सिंह मंगोली, संजीव नम्बरदार वडैच, पूनम सैनी, सुनील भट्ट, विकास सिंघल, राकेश शर्मा, मनीष सिंघल, अरूण करूडवाल, अरविन्द सिंघल, सोम प्रकाश शर्मा, योगिता आहलूवालिया सहित आयोजन समिति के सभी सदस्य, विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, स्कूली विद्यार्थी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।